रांची में धनबाद के संवेदकों का होगा बड़ा जुटान, रॉयल्टी के नए प्रावधान और लंबित भुगतान के खिलाफ रांची में उठेगी आवाज
मुख्यमंत्री से शिकायत करेगा धनबाद जिला संवेदक संघ
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद जिला संवेदक संघ के अध्यक्ष आकाश रवानी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि झारखंड कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन की ओर से शुक्रवार को रांची के मोरहाबादी स्थित बैंक्वेट हॉल में आयोजित होने वाली बैठक में धनबाद जिले के संवेदक भारी संख्या में शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि खान एवं भूतत्व विभाग द्वारा 27 अक्टूबर 2026 को अधिसूचना जारी किए जाने के बावजूद धनबाद जिला परिषद के पदाधिकारियों की उदासीनता के कारण अब तक संवेदकों का बकाया भुगतान नहीं किया गया है। संघ इस मामले को बैठक में प्रमुखता से उठाते हुए भुगतान में हो रही देरी का कड़ा विरोध करेगा। साथ ही इस पूरे मामले से मुख्यमंत्री को भी अवगत कराते हुए शिकायत की जाएगी।
आकाश रवानी ने कहा कि झारखंड के इतिहास में पहली बार राज्यभर के संवेदक इतने बड़े स्तर पर एकजुट हो रहे हैं। इस जुटान का प्रमुख कारण झारखंड सरकार द्वारा लागू किया गया रॉयल्टी संबंधी कानून और उसके प्रावधान हैं, जिन्हें संवेदक काला कानून बता रहे हैं।
उन्होंने कहा कि संवेदकों के हितों की अनदेखी और रॉयल्टी के मुद्दे को लेकर जल्द ही पूरे झारखंड में व्यापक विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। संघ ने राज्यभर के संवेदकों से एकजुट होकर अपने अधिकारों और मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करने की अपील की है।