अखिल भारतीय गणित मेला में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को किया सम्मानित

अखिल भारतीय गणित मेला में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को किया सम्मानित

डीजे न्यूज, गिरिडीह: सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा में गुरुवार को प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित कर अखिल भारतीय गणित मेला में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष अर्जुन मिष्टकार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्रधानाचार्य अजित मिश्र एवं मुख्य अतिथि अर्जुन मिष्टकार ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया। इसके बाद आचार्य बंधुओं एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक वंदना प्रस्तुत की। प्रभारी प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि का परिचय कराते हुए उनका स्वागत किया।

विद्या भारती की ओर से राजकमल सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, धनबाद में आयोजित अखिल भारतीय गणित मेला में विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया था। पत्र वाचन प्रतियोगिता में अंकगणित एवं ज्यामिति के क्षेत्र में भारत के योगदान तथा विभिन्न क्षेत्रों में उनके उपयोग विषय पर अनमोल मिश्र ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं तरुण वर्ग के वैदिक गणित प्रश्न मंच प्रतियोगिता में मानस वर्मा, हर्ष कुमार सिंह एवं निशांत राज ने तृतीय स्थान हासिल किया।

इस उपलब्धि पर मुख्य अतिथि ने विजेता विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र, ट्रॉफी, कलम एवं कॉपी देकर सम्मानित किया। विद्यार्थियों ने गणित आचार्य कोकिल आचार्य के कुशल निर्देशन तथा अनिल कुमार, सुमन मंडल एवं संतोष मंडल के मार्गदर्शन में सफलता प्राप्त की।

अपने संबोधन में अर्जुन मिष्टकार ने कहा कि सफलता के बाद संतुष्ट होकर बैठ जाना पतन की ओर बढ़ना है। जीवन में निरंतर अभ्यास, परिश्रम एवं पुरुषार्थ जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता की निरंतरता बनाए रखने, उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ने तथा देश सेवा के लिए प्रेरित किया।

अंत में प्रभारी प्रधानाचार्य अजित मिश्र ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए मुख्य अतिथि के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में विद्यालय के समस्त आचार्य, आचार्या एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top