बलियापुर में निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर सोमवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत स्वास्थ्य उपकेंद्र, खरिकाबाद में एक दिवसीय विशेष ‘आयुष्मान आरोग्य शिविर’ (स्वास्थ्य जाँच शिविर) का आयोजन किया गया।
इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को उनके घर के समीप ही बेहतर एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था। शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं एवं बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
शिविर के दौरान उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों एवं सहिया दीदियों ने ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छता और संतुलित आहार के प्रति जागरूक भी किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वास्थ्य उपकेंद्र के चिकित्सा कर्मियों, एएनएम और स्थानीय सहियाओं का सराहनीय योगदान रहा।