भौरा में ओबी डंप के दौरान पत्थर गिरने से महिला की मौत
डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद) : भौरा 19 नंबर में देव प्रभा कंपनी द्वारा किए जा रहे ओबी डंप के समय सोमवार सुबह करीब 6:00 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, डंप के दौरान ऊपर से पत्थर गिरने से कौशल्या देवी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि कंपनी द्वारा बिना सुरक्षा व्यवस्था के डंपिंग का काम किया जा रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उचित मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही कंपनी की लापरवाही की जांच,
भविष्य में डंपिंग के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग कर रहे थे।
फिलहाल पुलिस को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने और मामले की जांच की प्रक्रिया चल रही है।