समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से लगा शिविर

समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से लगा शिविर

डीजे न्यूज,
धनबाद: अखिल भारतीय हाड़ी संघर्ष मोर्चा के तत्वधान में मानवता की सेवा और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रविवार को धनबाद स्थित एशियन जालान अस्पताल ब्लड सेंटर (Asian Jalan Hospital Blood Centre) में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
यह पुनीत कार्य संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ध्रुव के जन्मदिन के शुभ अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल कुमार एवं जिला अध्यक्ष राजेश हरि के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह, एशियन जालान अस्पताल जीवन रेखा ट्रस्ट के सचिव राजीव शर्मा तथा संगठन के केंद्रीय उपाध्यक्ष राजन हरि , प्रदेश अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ साधना, प्रदेश सचिव नरेंद्र हरि की गरिमामयी उपस्थिति रही।
शिविर को लेकर युवाओं और समाजसेवियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस अभियान में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाजसेवियों सहित कुल 25 से अधिक स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने आगे बढ़कर रक्तदान किया और मानवता का परिचय दिया। रक्तदान करने वालों में मुख्य रूप से राहुल कुमार हरी, प्रदीप हरि, शिवा हरि, शुभम हरि, पाजु हरि, अमित हरि, भरत हरि, बिक्रम हरि, रिषी कुमार सिन्हा, श्याम हरि, कुलदीप हरि, जितन हरि, मनिष हरि, लखन हरि, संजीत हरि, चिंटू हरि, साधना जी, बिशनु बाउरी, रंजीत जी, हर्ष कुमार, आकाश कुमार धनंजय कुमार तथा साधना शामिल रहे।
इस अवसर पर संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल कुमार ने सभी अतिथियों एवं रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “रक्तदान महादान है। हमारे द्वारा दान किया गया एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। प्रदेश अध्यक्ष आदरणीय ध्रुव के जन्मदिन को सार्थक बनाने के लिए संगठन के सम्मानित सदस्यों और अतिथियों ने जो उत्साह दिखाया है, वह बेहद सराहनीय है। आगे भी संगठन द्वारा ऐसे जनकल्याणकारी कार्य निरंतर जारी रहेंगे।”
ब्लड बैंक के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की देखरेख में सभी रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच के बाद सुरक्षित रूप से रक्त संग्रह किया गया। शिविर के अंत में सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी अतिथियों, रक्तदाताओं, पदाधिकारियों और अस्पताल प्रबंधन का सराहनीय योगदान रहा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top