गिरिडीह में साढ़े तीन घंटे तक चला भाजपा का मंथन, हेमंत सरकार को घेरने की बनी रणनीति

गिरिडीह में साढ़े तीन घंटे तक चला भाजपा का मंथन, हेमंत सरकार को घेरने की बनी रणनीति

बूथ सशक्तिकरण, संगठन की मजबूती और जनमुद्दों पर आंदोलन की रणनीति पर हुई विस्तृत चर्चा

डीजे न्यूज, गिरिडीह : भाजपा झारखंड प्रदेश पदाधिकारियों की नियमित मासिक बैठक शनिवार को गिरिडीह स्थित अशोका इंटरनेशनल होटल में आयोजित हुई। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्प अर्पित करने तथा वंदे मातरम गीत के साथ बैठक की शुरुआत हुई। दोपहर करीब ढाई बजे शुरू हुई बैठक शाम छह बजे तक चली। करीब साढ़े तीन घंटे तक चले मंथन में संगठन की मजबूती, बूथ सशक्तिकरण और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में हेमंत सरकार की कथित विफलताओं को लेकर जनता के बीच जाने की रणनीति पर विशेष जोर दिया गया। पार्टी पदाधिकारियों को संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और आम जनता के बीच पार्टी की पहुंच व्यापक बनाने का निर्देश दिया गया। वहीं, जनमुद्दों को लेकर अब तक किए गए आंदोलनों की समीक्षा की गई। किन मुद्दों पर कितने आंदोलन हुए और आगे किन विषयों को लेकर आंदोलन किया जाना है, इस पर भी चर्चा हुई। राज्य की झामुमो सरकार की कार्यप्रणाली और विभिन्न मुद्दों पर उसकी कथित विफलताओं को जनता के बीच उजागर करने की रणनीति तैयार की गई। भाजपा नेताओं ने राज्य में बढ़ती आपराधिक घटनाओं, जमीन, बालू और कोयले की कथित लूट समेत अन्य मुद्दों को उठाकर सरकार को घेरने की बात कही। इन मुद्दों को लेकर जनसंपर्क अभियान तेज करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया। बैठक में प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर बाउरी, मनोज सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा, राकेश कुमार, सुनील सोरेन, बालमुकुंद सहाय, प्रदेश मंत्री शालिनी बैसखियार, दिलीप वर्मा, सुनीता सिंह, कृष्ण महतो, शैलेंद्र सिंह तथा गिरिडीह महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय समेत कुल 32 प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top