बगरलवा मोड़ पर स्विफ्ट कार और बाइक में भीषण भिड़ंत, युवक गंभीर, गिरिडीह रेफर
डीजे न्यूज,तिसरी,गिरिडीह: तिसरी थाना क्षेत्र के चंदौरी रोड स्थित बगरलवा मोड़ के पास शनिवार को स्विफ्ट कार और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान पलमरुआ गांव के कांशीटांड़ टोला निवासी मो. अनवर के पुत्र मो. साहेब के रूप में हुई है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, मो. साहेब अपने घर कांशीटांड़ से किसी काम के सिलसिले में बाइक से तिसरी आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही जेएच 11 एवाई 7550 नंबर की स्विफ्ट कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि साहेब सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गहरी चोट लगी और काफी खून बहने के कारण वह मौके पर ही बेहोश हो गए। उनके हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही तिसरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल तिसरी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन काफी देर तक होश नहीं आने और स्थिति गंभीर रहने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह रेफर कर दिया गया।
इधर, हादसे के बाद स्विफ्ट कार चालक और उसमें सवार अन्य लोग दुर्घटनास्थल के पास ही कार छोड़कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पलमरुआ सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। कई लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक का वीडियो भी बनाया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।