स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर प्रशासन सख्त, डीडीसी ने निर्माण कार्यों की समीक्षा की

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर प्रशासन सख्त, डीडीसी ने निर्माण कार्यों की समीक्षा की

डीजे न्यूज, धनबाद: स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय स्थित डीएमएफटी हॉल में उप विकास आयुक्त सन्नी राज की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में 15वें वित्त आयोग, प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन (PM-ABHIM) तथा जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट के तहत चल रहे स्वास्थ्य आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान डीडीसी ने जिले में निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्रों, उप-स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य चिकित्सा इकाइयों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्यों की वर्तमान स्थिति की बिंदुवार जानकारी ली। उन्होंने संबंधित कार्यदायी एजेंसियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधाएं सुलभ हो सकें।

समीक्षा के दौरान कार्य की धीमी गति और लापरवाही पर डीडीसी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्वास्थ्य उप-केंद्रों का कार्य अब तक प्रारंभ नहीं करने वाले संवेदकों को नोटिस जारी करते हुए उनका एग्रीमेंट रद्द करने तथा नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही, जिन कनीय अभियंताओं का कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया, उनके आवंटित कार्यों को रद्द कर दूसरे कनीय अभियंताओं को सौंपने तथा संबंधित अभियंताओं पर कार्रवाई करने का आदेश दिया। उन्होंने सभी कनीय अभियंताओं को डीएमएफटी के तहत अपग्रेड किए जा रहे स्वास्थ्य उप-केंद्रों की अद्यतन तस्वीर उपलब्ध कराने को कहा।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग और निर्माण एजेंसियां आपसी समन्वय स्थापित कर स्थल या तकनीकी स्तर पर आ रही समस्याओं का त्वरित निष्पादन करें। उन्होंने कार्यों की प्रगति की लगातार अद्यतन रिपोर्ट नियमित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस समीक्षा बैठक में संबंधित सभी कार्यकारी एजेंसी के अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, सिविल सर्जन कार्यालय के डीपीएम, डीएमएफटी के पीएमयू टीम उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top