बोले सो निहाल, सत श्री अकाल के जयकारों से भक्तिमय हुआ जामाडोबा का इलाका
डीजे न्यूज, झरिया (धनबाद): सिख समुदाय के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557 वें प्रकाश पर्व के अवसर पर डुमरी चार नंबर गुरुद्वारा से शुक्रवार की अहले सुबह चौथे दिन प्रभात फेरी निकाली गई। बोले सो निहाल, सत श्री अकाल के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
प्रभात फेरी में दूर-दराज से आई संगत अपने परिवार के साथ उत्साहपूर्वक शामिल हुई। आगे-आगे श्रद्धालु बाबा जी का निशान साहिब लेकर चल रहे थे। प्रभात फेरी का डुमरी दो नंबर, को-ऑपरेटिव कॉलोनी एवं डुमरी तीन नंबर में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। इस दौरान स्त्री सत्संग की ओर से ‘ऊंचा दर बाबे नानक दा’ शब्द प्रस्तुत कर संगत को निहाल किया गया। पूरे रास्ते बोले सो निहाल, सत श्री अकाल के जयकारे गूंजते रहे।
प्रभात फेरी भ्रमण करते हुए पुनः डुमरी चार नंबर गुरुद्वारा पहुंची, जहां गुरु महाराज के चरणों में अरदास की गई। इसके बाद समूह संगत के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
प्रभात फेरी के पांचवें दिन शनिवार को समापन होगा। समापन के बाद सुबह 10 बजे डुमरी चार नंबर गुरुद्वारा से भव्य नगर कीर्तन निकाला जाएगा। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से समूह संगत से अपने परिवार के साथ नगर कीर्तन में शामिल होकर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की गई है।