सात साल से संताली PG का सपना अधूरा, गिरिडीह कॉलेज में छात्र-छात्राओं ने खोला मोर्चा

सात साल से संताली PG का सपना अधूरा, गिरिडीह कॉलेज में छात्र-छात्राओं ने खोला मोर्चा

तीन सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू, कहा- मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह कॉलेज में संताली भाषा में स्नातकोत्तर (एमए) की पढ़ाई शुरू करने की मांग को लेकर संथाल छात्र-छात्राओं ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। अपनी तीन सूत्री मांगों के समर्थन में सैकड़ों छात्र-छात्राएं अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि पिछले सात वर्षों से लगातार मांग उठाने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

छात्रों ने बताया कि वर्ष 2019 में गिरिडीह कॉलेज में संताली भाषा से स्नातक की पढ़ाई शुरू हुई थी। उसी समय से संताली में स्नातकोत्तर की पढ़ाई शुरू करने की मांग की जा रही है। इस संबंध में कॉलेज प्रबंधन से लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन तक कई बार लिखित आवेदन और ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिला है।

छात्रों का कहना है कि स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद सैकड़ों विद्यार्थी संताली भाषा में ही उच्च शिक्षा हासिल करना चाहते हैं। लेकिन कॉलेज में एमए की पढ़ाई की व्यवस्था नहीं होने से उन्हें दूसरे जिलों का रुख करना पड़ता है। आर्थिक रूप से कमजोर आदिवासी परिवारों के विद्यार्थियों के लिए दूसरे जिलों में रहकर पढ़ाई करना आसान नहीं है। इसके कारण कई प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं की उच्च शिक्षा प्रभावित हो रही है।

धरना दे रहे विद्यार्थियों की प्रमुख मांगों में गिरिडीह कॉलेज में संताली भाषा से एमए की पढ़ाई तत्काल शुरू करना, संताली विषय के लिए स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति करना तथा संताली विभाग के लिए अलग कक्षा और पुस्तकालय की व्यवस्था करना शामिल है।

छात्र-छात्राओं ने दो टूक कहा कि संताली भाषा में उच्च शिक्षा प्राप्त करना उनका अधिकार है। सात वर्षों तक इंतजार करने के बाद अब आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। जब तक उनकी तीनों मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।

इस दौरान विद्यार्थियों ने ‘2019 से ग्रेजुएशन, अब पीजी क्यों नहीं? हमारी भाषा, हमारा अधिकार, संताली में पीजी शुरू करो’ जैसे नारे लगाकर अपनी आवाज बुलंद की।

धरना स्थल पर सुधीर मुर्मू, बहादुर मरांडी, लखीराम हेंब्रम, शांति टुडू, सविता मरांडी, पारो बेसरा, अंजू हांसदा, बिंशी मुर्मू, शांति कुमारी, सुखी मुर्मू, सुरेश बेसरा, सुषमा किस्कू, नीलम हेंब्रम और सीमा बास्के समेत सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top