झारखंड स्थापना दिवस: पंचायतों में आवास योजना के तहत कराया गया ‘गृह प्रवेश’

झारखंड स्थापना दिवस: पंचायतों में आवास योजना के तहत कराया गया ‘गृह प्रवेश’

डीजे न्यूज, धनबाद: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के पावन अवसर पर रविवार को धनबाद जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी प्रखंडों की विभिन्न पंचायतों में आवास योजना के अंतर्गत नवनिर्मित आवासों के लाभुकों के लिए विशेष ‘गृह प्रवेश कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर पंचायत स्तर पर आयोजित समारोहों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों , प्रखंड समन्वयकों तथा बड़ी संख्या में आवास योजना के लाभुकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ फीता काटकर व नारियल फोड़कर लाभुकों को उनके नए पक्के मकानों में गृह प्रवेश कराया। साथ ही, लाभुकों को आवास की प्रतीकात्मक चाबी और प्रशस्ति पत्र भी सौंपे गए।

समारोह को संबोधित करते हुए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस के ऐतिहासिक दिन पर जरूरतमंद परिवारों को अपना पक्का आवास मिलना उनके जीवन में सम्मान, सुरक्षा और खुशहाली की नई शुरुआत है। प्रशासन का लक्ष्य है कि योजना के तहत शेष पात्र लाभुकों का आवास निर्माण कार्य भी शीघ्र पूर्ण कर उन्हें लाभान्वित किया जाए।

अपने सपनों का पक्का घर पाकर लाभुकों एवं उनके परिजनों में खासा उत्साह देखा गया। लाभुकों ने इस सौगात के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top