शिकायत के बाद हरकत में आया विभाग, नावाडीह-पालगंज सड़क का काम शुरू
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : पीरटांड़ प्रखंड की नावाडीह पंचायत में लंबे समय से लंबित नावाडीह से पालगंज सीमा तक सड़क निर्माण का कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और आजसू प्रमुख सुदेश महतो से ग्रामीणों की शिकायत के बाद निर्माण कार्य में तेजी आई है। फिलहाल सड़क पर पुलिया निर्माण कराया जा रहा है। हालांकि, पालगंज सीमा तक पूरी सड़क बनेगी या नहीं, इसे लेकर अभी भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
बताया जाता है कि विधानसभा चुनाव से पहले इस सड़क का शिलान्यास किया गया था। इसके बाद संवेदक की ओर से एक दिन मिट्टी कटाई का काम कराया गया, लेकिन फिर निर्माण कार्य बंद कर दिया गया। लंबे समय तक काम शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी थी। इसी को लेकर 11 अक्टूबर को जमुआ में आयोजित आजसू प्रमुख के कार्यक्रम में ग्रामीणों ने सांसद की मौजूदगी में सड़क निर्माण का मामला उठाया था।
ग्रामीणों का आरोप है कि संवेदक वन भूमि का हवाला देकर पालगंज सीमा तक सड़क निर्माण कराने से कतरा रहा है। इससे योजना के अधूरे रह जाने की आशंका बढ़ गई है। गांव निवासी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि आजादी के बाद से उनके गांव में अब तक पक्की सड़क नहीं बनी है। ऐसे में यदि सड़क का निर्माण पालगंज सीमा तक नहीं हुआ तो ग्रामीणों को योजना का वास्तविक लाभ नहीं मिल पाएगा।
ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि निर्धारित योजना के अनुरूप नावाडीह से पालगंज सीमा तक सड़क का निर्माण पूरा कराया जाए, ताकि वर्षों से आवागमन की समस्या झेल रहे ग्रामीणों को राहत मिल सके।