गृह रक्षा वाहिनी कार्यालय का डीसी ने किया निरीक्षण समयबद्धता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ करें काम : रामनिवास यादव 

गृह रक्षा वाहिनी कार्यालय का डीसी ने किया निरीक्षण

समयबद्धता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ करें काम : रामनिवास यादव 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने शुक्रवार को जिला समादेष्टा कार्यालय, झारखंड गृह रक्षा वाहिनी, गिरिडीह का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, विभिन्न शाखाओं की व्यवस्था, कर्मियों की उपस्थिति और संचालित प्रशासनिक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने उपस्थिति पंजी, विभिन्न अभिलेखों और कार्यालय में उपलब्ध आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को नियमित रूप से कार्यालय आने, निर्धारित समय का पालन करने तथा सभी अभिलेखों को सुव्यवस्थित और अद्यतन रखने का निर्देश दिया।

डीसी ने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यों के निष्पादन में लापरवाही और अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ करें। उन्होंने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई, अनुशासन और बेहतर कार्य वातावरण बनाए रखने पर भी जोर दिया।

उपायुक्त ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में समयबद्धता, पारदर्शिता और जवाबदेही बेहतर प्रशासन की बुनियाद है। आम नागरिकों और संबंधित हितधारकों के कार्यों का निष्पादन संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ होना चाहिए। उन्होंने निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित करने और कार्यालय की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने का निर्देश दिया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top