ढुलू महतो के बयान के खिलाफ सड़क पर उतरे जेएलकेएम कार्यकर्ता, फूंका पुतला

ढुलू महतो के बयान के खिलाफ सड़क पर उतरे जेएलकेएम कार्यकर्ता, फूंका पुतला

बरहमसिया चौक पर की नारेबाजी, सार्वजनिक माफी नहीं मांगने पर राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी

डीजे न्यूज, बिरनी, (गिरिडीह) : धनबाद के भाजपा सांसद ढुलू महतो द्वारा झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) और पार्टी सुप्रीमो जयराम महतो के खिलाफ कथित अभद्र भाषा के प्रयोग को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। इसके विरोध में बुधवार देर शाम करीब 7:30 बजे बिरनी के बरहमसिया चौक पर जेएलकेएम कार्यकर्ताओं ने सांसद ढुल्लू महतो का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जेएलकेएम नेताओं ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि को सार्वजनिक जीवन में मर्यादित भाषा का प्रयोग करना चाहिए। सांसद द्वारा पार्टी और उसके सुप्रीमो के खिलाफ की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी निंदनीय है।

जेएलकेएम नेता डॉ. सलीम अंसारी ने कहा कि उनकी पार्टी झारखंड के हक, अधिकार और स्थानीय मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है। विस्थापितों, बेरोजगार युवाओं और झारखंडी हितों की आवाज उठाने के कारण भाजपा नेता बौखलाहट में इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जयराम महतो के नेतृत्व में जेएलकेएम राज्य में नई सोच और बदलाव की राजनीति को आगे बढ़ा रही है। युवाओं का बढ़ता समर्थन विरोधी दलों को परेशान कर रहा है।

उन्होंने सांसद ढुलू महतो से अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सांसद ने बयान वापस लेकर माफी नहीं मांगी तो जेएलकेएम पूरे राज्य में आंदोलन करेगी। बिरनी प्रखंड की सभी पंचायतों में भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि झारखंड की राजनीति में अभद्र भाषा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुतला दहन के दौरान बरहमसिया चौक पर कुछ देर के लिए वाहनों की कतार लग गई। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम की सूचना प्रशासन को आवेदन के माध्यम से दी गई थी। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का नेतृत्व जेएलकेएम के बिरनी प्रखंड अध्यक्ष सोनू कुमार साव ने किया। मौके पर विनय कुमार विश्वकर्मा, अनिल यादव, श्रवण कुमार साव, जगरेश्वर साव, भगीरथ वर्मा, विशाल वर्मा, त्रिभुवन साव, आनंद मोदी, मेहबूब सनम, दिनेश दास, पंकज साव, संजय साव, विजय साव, सिकंदर साव, इकरामुल अंसारी, नजमा अंसारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top