SIR पर विपक्ष के दुष्प्रचार के खिलाफ एकजुट हुए प्रबुद्ध नागरिक, भाजपा ने किया सम्मानित
डीजे न्यूज, सरिया (गिरिडीह) : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर गुरुवार को सरिया जैन धर्मशाला में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम के तहत बगोदर विधानसभा स्तरीय वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध नागरिक संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा सरिया मंडल अध्यक्ष मनीष कुमार मंडल ने की।
संगोष्ठी में विपक्ष द्वारा एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर देशभर में फैलाए जा रहे भ्रम और कथित दुष्प्रचार पर चर्चा की गई। इस दौरान उपस्थित वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने चुनाव आयोग द्वारा कराए जा रहे एसआईआर का समर्थन किया तथा विपक्ष की भूमिका की कड़े शब्दों में आलोचना की। वक्ताओं ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने के लिए एसआईआर आवश्यक प्रक्रिया है। इस मुद्दे पर जनता को भ्रमित करने के बजाय लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कोडरमा के निवर्तमान सांसद रवींद्र कुमार राय उपस्थित थे। उनके साथ प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष महादेव दुबे, जिला महामंत्री महेश मिश्रा, जिला मंत्री देवनाथ राणा, रीता माथुर, लक्ष्मण दास, मंडल अध्यक्ष गौतम कुमार, धनंजय सिंह, नरेश रजक, तुलसी महतो, राजदेव साव, लक्ष्मण सिंह एवं विधायक प्रतिनिधि बबलू मंडल सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।
संगोष्ठी में क्षेत्र के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. राजेश सिंह, प्रोफेसर कन्हैया राय, डॉ. रामजी, शिक्षक संघ के पूर्व अध्यक्ष बंधन यादव, सचिव दिनेश्वर महतो, पूर्व मुखिया टेकलाल मंडल, कथावाचक काली पांडेय, व्यवसायी संघ अध्यक्ष संजय वर्णवाल, कामदेव पांडेय, वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मी पांडेय, सेवानिवृत्त शिक्षक गौरी शंकर सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
इस अवसर पर कार्यक्रम में शामिल सभी प्रबुद्ध नागरिकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। अंत में उपस्थित लोगों ने एसआईआर को लेकर फैलाए जा रहे कथित भ्रामक प्रचार का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने और जनता के बीच सही जानकारी पहुंचाने का संकल्प लिया।