मारुति कार और बाइक में सीधी टक्कर, दो युवक घायल, एक की हालत चिंताजनक
डीजे न्यूज, देवरी (गिरिडीह) : देवरी-जमुआ-देवघर मुख्य मार्ग पर देवरी थाना क्षेत्र के चतरो बाजार स्थित जनार्दन सिंह उच्च विद्यालय के समीप मंगलवार को मारुति कार और बाइक के बीच सीधी टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान बिहार के जमुई जिले के चकाई थाना क्षेत्र अंतर्गत दलनीडीह दास टोला निवासी 19 वर्षीय करण कुमार दास और इसी गांव के 18 वर्षीय एक अन्य युवक के रूप में हुई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए मन्नत अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए दोनों को रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि करण कुमार दास की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। इधर, दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल के समीप मुख्य सड़क को जाम कर दिया। इससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। ग्रामीणों का आरोप था कि सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर घटनास्थल पर नहीं पहुंची। हालांकि, घटना की सूचना मिलने पर देवरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद जाम हटवाकर आवागमन सामान्य कराया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई। खबर लिखे जाने तक दोनों घायल युवकों का इलाज जारी था।