विपक्ष के झूठे एजेंडे को जनता के बीच बेनकाब करेगी भाजपा, धनबाद में सात कार्यक्रमों की बनी रणनीति
‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान को लेकर भाजपा धनबाद महानगर की बैठक, राज सिन्हा और शत्रुघ्न महतो ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
डीजे न्यूज, धनबाद : विपक्ष के कथित झूठे राजनीतिक एजेंडे, दुष्प्रचार और दोहरे मापदंड को जनता के बीच उजागर करने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में सोमवार को भाजपा धनबाद महानगर की अति आवश्यक बैठक जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष श्रवण राय की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पार्टी के देशव्यापी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान को सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई। इसके तहत आगामी दिनों में सात अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के संचालन के लिए धनबाद महानगर की ओर से सात कमेटियों का गठन किया गया है।
बैठक का संचालन धनबाद महानगर के महामंत्री मानस प्रसून ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी महानगर जिला महामंत्री एवं अभियान के संयोजक रुपेश सिन्हा ने दी। बैठक में एसआईआर (SIR) एवं मतदाता सूची की शुद्धता, लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता, संवैधानिक मूल्यों और चुनावी प्रक्रियाओं को लेकर विपक्ष की ओर से फैलाए जा रहे कथित झूठे राजनीतिक एजेंडे और दोहरे मापदंड को जनता के सामने उजागर करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क अभियान के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
विपक्ष हार की हताशा में फैला रहा भ्रम : राज सिन्हा
बैठक को संबोधित करते हुए धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने कहा कि लगातार चुनावों में बुरी तरह पराजित होने के बाद विपक्ष हताशा की स्थिति में है। इसी हताशा में वह देश की जनता के बीच झूठ और भ्रम फैलाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे विश्व में भारत की उपस्थिति पहले की अपेक्षा काफी मजबूत हुई है। विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार नए-नए आयाम गढ़ रहा है। जिस नेता को विश्व के 36 राष्ट्रों ने अपने सर्वोच्च पुरस्कार से सम्मानित किया है, उनके खिलाफ विपक्ष झूठा भ्रम फैलाने का काम कर रहा है। भाजपा कार्यकर्ता विपक्ष के इस दुष्प्रचार का जवाब जनता के बीच जाकर देंगे।
जनता के बीच जाकर विपक्ष के भ्रम को तोड़ेंगे भाजपा कार्यकर्ता : शत्रुघ्न महतो
बाघमारा के विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि विपक्ष लगातार झूठा भ्रम फैलाने का काम कर रहा है। भाजपा के कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर इस भ्रम को तोड़ने का काम करेंगे। केंद्र और प्रदेश नेतृत्व की ओर से जो भी कार्यक्रम निर्धारित किए जाएंगे, उन्हें पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ संपादित किया जाएगा।
12 वर्षों में भारत ने विकास के नए आयाम स्थापित किए : सरोज सिंह
झारखंड प्रदेश भाजपा के मंत्री सरोज सिंह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास के कई नए आयाम स्थापित किए हैं। चाहे 29 करोड़ लोगों के गरीबी रेखा से बाहर आने का मामला हो या विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की उपलब्धि, भारत लगातार हर क्षेत्र में अपनी स्थिति मजबूत करने की दिशा में अग्रसर है। देश की उपलब्धियों और विकास की वास्तविक तस्वीर जनता तक पहुंचाना जरूरी है।
पदयात्रा में धनबाद दोहराएगा अपना पुराना इतिहास : श्रवण राय
बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा धनबाद महानगर के जिला अध्यक्ष श्रवण राय ने कहा कि आगामी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में धनबाद पूरे प्रदेश में अपनी पुरानी पहचान और इतिहास को दोहराने का काम करेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक लाभुकों और आम जनमानस की पदयात्रा में भागीदारी सुनिश्चित करें। पार्टी के वरिष्ठ और कनिष्ठ सभी कार्यकर्ता इस अभियान को सफल बनाने में पूरी ताकत से जुट जाएं।
दर्जनों कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजीव अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, चंद्रशेखर सिंह, योगेंद्र यादव, प्रियंका रंजन, सत्येंद्र कुमार, वीरेंद्र हसदा, अजय निषाद, मौसम सिंह, बच्चा गिरी, रूम की गुप्ता, रिंकू सिंह, शेखर सिंह, शिवांश श्रीवास्तव, संतोष झा, पिंटू, नित्यानंद मंडल, विभा सिंह, गीता सिंह, अनिल सिन्हा, प्रियरंजन, इंद्र भूषण कुशवाहा, राजाराम दत्त, गौतम चौधरी, सनी रवानी, मनोज गुप्ता, हुलास दास, किशुन महतो, बलराम चौहान, सनी श्रीवास्तव, अवधेश साहू, बिरजू रवानी, वीरेंद्र वर्मा, सनी रवानी, संजय कुशवाहा, सोनू श्रीवास्तव, कपूर रवानी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।