थाने में ही महिला की अस्मिता सुरक्षित नहीं, तो राज्य में सुरक्षा की गारंटी कौन देगा : राज सिन्हा
भाजपा सदर मंडल ने किया हेमंत सरकार का पुतला दहन
डीजे न्यूज, धनबाद: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में न्याय की गुहार लेकर पहुंची महिला के साथ पुलिसकर्मी के द्वारा दुष्कर्म के गंभीर आरोपों को लेकर भाजपा सदर मंडल एवं सरायढेला मंडल द्वारा हेमंत सोरेन सरकार के विरोध में पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा उपस्थित हुए।
इस अवसर पर विधायक राज सिन्हा ने राज्य की महिला सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड में आज महिलाएं कहीं भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही हैं। घर से लेकर सड़क और अब पुलिस थाने तक महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिस पुलिस प्रशासन के कंधों पर महिलाओं की सुरक्षा और उन्हें न्याय दिलाने की जिम्मेदारी है, उसी पुलिस विभाग के एक कर्मी पर थाना परिसर में ही दुष्कर्म का आरोप लगना अत्यंत चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि यह कैसी विडंबना है कि एक महिला अपनी सुरक्षा और न्याय की उम्मीद लेकर थाने पहुंचती है, लेकिन वहीं उसके साथ ऐसी घृणित घटना के आरोप सामने आते हैं। आखिर महिलाएं अपनी फरियाद लेकर जाएं तो जाएं कहां? यह घटना केवल एक महिला की सुरक्षा का मामला नहीं, बल्कि राज्य की पूरी कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की जवाबदेही पर गंभीर प्रश्नचिह्न है।
राज सिन्हा ने हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली महागठबंधन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं के साथ उत्पीड़न, शोषण और आपराधिक घटनाओं को लेकर सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए। पुलिस का मनोबल और निरंकुशता यदि इस स्तर तक पहुंच जाए कि वर्दी की आड़ में कानून तोड़ने के आरोप लगने लगें, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। पुलिस की वर्दी जनता की सुरक्षा और विश्वास का प्रतीक है, न कि किसी को अपने पद और अधिकारों का दुरुपयोग करने का लाइसेंस।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केवल बयानबाजी और कार्रवाई के आश्वासन तक सीमित न रहे, बल्कि महिलाओं को वास्तविक सुरक्षा और न्याय का भरोसा दिलाए। गम्हरिया की घटना में निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच हो, पीड़िता को पर्याप्त सुरक्षा और न्यायिक सहायता मिले तथा आरोपी पुलिसकर्मी के साथ-साथ यदि किसी अन्य पुलिसकर्मी की संलिप्तता या लापरवाही सामने आती है, तो उसके विरुद्ध भी कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
विधायक ने कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के मुद्दे पर चुप बैठने वाली नहीं है। राज्य सरकार को जवाब देना होगा कि झारखंड की बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आखिर क्या ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराते हुए महिला सुरक्षा, पुलिस प्रशासन की जवाबदेही और पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की।
इस अवसर जिला महामंत्री मानस प्रसून, रूपेश सिन्हा,मंडल अध्यक्ष राजाराम दत्ता, बसंती सिंह, रमा सिन्हा,श्रवन झा, टुन्ना सिंह, सूरज पासवान सहित सैंकड़ो पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।