बाबूलाल मरांडी की पहल पर अहराय गांव में लगा नया ट्रांसफार्मर, ग्रामीणों को बिजली संकट से मिलेगी निजात
डीजे न्यूज, गावां, गिरिडीह : गावां प्रखंड के अमतरो पंचायत अंतर्गत अहराय गांव के ग्रामीणों को लंबे बिजली संकट से जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। गांव में लगा ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति ठप थी। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए धनवार विधायक सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने बिजली विभाग को नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए अनुशंसा पत्र भेजा था। विधायक की पहल के बाद विभाग ने गांव में नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया। रविवार को विधिवत रूप से इसका उद्घाटन किया गया।
नया ट्रांसफार्मर लगने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि अब गांव में बिजली आपूर्ति सामान्य होगी और उन्हें रोजमर्रा की परेशानियों से राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए विधायक बाबूलाल मरांडी के प्रति आभार जताया।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद, विधायक प्रतिनिधि मुन्ना सिंह, कामदेव साव, जितेंद्र सिंह, गोलू सिंह समेत दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।