त्योहारों में मिलावटखोरी पर प्रशासन का शिकंजा, इसरी बाजार में 3 किलो एनालॉग पनीर जब्त कर कराया नष्ट
10 दुकानों की हुई जांच, मानक के विपरीत चंपई रंग से बनी खाद्य सामग्री भी जब्त; दुकानदारों को स्वच्छता और गुणवत्ता बनाए रखने की चेतावनी
डीजे न्यूज,गिरिडीह : दीपावली और छठ महापर्व के मद्देनजर जिले में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और आम लोगों को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को डुमरी अनुमंडल के इसरी बाजार में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। अभियान के दौरान 10 दुकानों का निरीक्षण किया गया, जिसमें 3 किलोग्राम एनालॉग पनीर तथा मानक के विपरीत इस्तेमाल किए जा रहे चंपई रंग और उससे तैयार खाद्य सामग्री को जब्त कर नष्ट कराया गया।
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी एवं सिविल सर्जन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन और पूजा कुमारी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। जांच के दौरान तीन दुकानदारों को अनिवार्य रूप से एफएसएसएआई (FSSAI) लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। वहीं, मिठाई दुकानदारों, गुपचुप विक्रेताओं और ठेला-खोमचा संचालकों को साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
इधर, गिरिडीह सदर क्षेत्र में भी विभिन्न मिठाई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उत्सव मिष्ठान भंडार को खाद्य सामग्री में अखबार का इस्तेमाल नहीं करने और प्रतिष्ठान में साफ-सफाई बनाए रखने की सख्त हिदायत दी गई।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन ने बताया कि त्योहारों के दौरान लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए जिले के विभिन्न बाजारों में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन करने तथा खाद्य पदार्थों में निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रंगों का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों से भी खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और स्वच्छता पर ध्यान देने की अपील की।