अधिकारी और कर्मियों ने ली सत्यनिष्ठा की शपथ
भ्रष्टाचार-मुक्त कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है: संतोष कुमार आर्य
डीजे न्यूज, रांची: भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), क्षेत्रीय कार्यालय, रांची में विजिलेंस अवेयरनेस सप्ताह (सतर्कता जागरूकता सप्ताह) के अवसर पर शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता, जवाबदेही तथा भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की भावना को प्रोत्साहित करना था।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अधिकारी संतोष कुमार आर्य ने कार्यालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। सभी कर्मियों ने अपने कार्यों एवं दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, निष्पक्षता और पूर्ण निष्ठा के साथ करने तथा कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अधिकारी संतोष कुमार आर्य ने कहा, “सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता किसी भी संस्थान की विश्वसनीयता की आधारशिला हैं। NHAI में हम सभी का दायित्व है कि अपने कार्यों का निष्पादन पूर्ण ईमानदारी, निष्पक्षता एवं जवाबदेही के साथ करें। भ्रष्टाचार-मुक्त कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देना और जनहित को सर्वोपरि रखना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। विजिलेंस अवेयरनेस सप्ताह हमें अपने नैतिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने तथा सुशासन को सशक्त बनाने की प्रेरणा देता है।”
कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक कार्यों में नैतिक मूल्यों के महत्व पर बल दिया गया। NHAI क्षेत्रीय कार्यालय, रांची पारदर्शी, उत्तरदायी एवं भ्रष्टाचार-मुक्त कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।