तोपचांची पंचायत के प्रथम मुखिया एवं जनसंघर्ष के अगुवा स्व. रघुनाथ महतो की पुण्यतिथि 26 अक्टूबर को
दुमदुमी में होगा पुण्यतिथि समारोह, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं राजनीतिक संगठन के प्रतिनिधि अर्पित करेंगे श्रद्धासुमन
डीजे न्यूज, धनबाद: तोपचांची पंचायत के प्रथम मुखिया एवं जनसंघर्ष के अगुवा स्वर्गीय रघुनाथ महतो की पुण्यतिथि 26 अक्टूबर को दुमदुमी में मनाई जाएगी। पुण्यतिथि समारोह को लेकर तोपचांची क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार और जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में रघुनाथ महतो स्मारक समिति, दुमदुमी के सदस्यों ने शनिवार को स्वर्गीय रघुनाथ महतो की प्रतिमा की साफ-सफाई कर रंग-रोगन किया। समिति के सदस्य कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
रघुनाथ महतो स्मारक समिति, दुमदुमी से जुड़े सदानंद महतो ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वर्गीय रघुनाथ महतो जनसंघर्ष के अगुवा और समर्पित समाजसेवी थे। उन्होंने तोपचांची पंचायत के प्रथम मुखिया के रूप में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके संघर्ष, विचारों और सामाजिक योगदान को याद करने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष उनकी पुण्यतिथि मनाई जाती है।
इस वर्ष आयोजित होने वाले पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए क्षेत्र के विधायक, सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रघुनाथ महतो स्मारक समिति के अध्यक्ष छुटु राम महतो, सरयू प्रसाद महतो, प्रभुदयाल महतो, अनिल महतो, बिमल कुमार महतो, दयानंद प्रमाणिक, अरुण कुंभकार, मनोज कुमार दास, सुरेश तुरी, अनन्त लाल महतो तथा झारखंड आंदोलनकारी लालमणि महतो सहित अन्य सदस्य जुटे हुए हैं। इसके अलावा विनोद विचार मंच के पदाधिकारी भी कार्यक्रम की तैयारियों में सहयोग कर रहे हैं।
समिति के सदस्यों ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे पुण्यतिथि समारोह में शामिल होकर स्वर्गीय रघुनाथ महतो को श्रद्धांजलि अर्पित करें और उनके संघर्ष एवं सामाजिक योगदान को याद करें।