नौ दिनों की भक्ति के बाद मां दुर्गा को नम आंखों से दी गई विदाई, जयकारों के बीच प्रतिमा विसर्जन
डीजे न्यूज, सरिया (गिरिडीह) : बगोदर-सरिया अनुमंडल क्षेत्र के बगोदर, सरिया और बिरनी प्रखंडों में शारदीय नवरात्र के समापन पर मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धा और भावुक माहौल में किया गया। नौ दिनों तक पूजा-अर्चना और भक्ति में डूबे श्रद्धालुओं ने विजयादशमी के अवसर पर मां दुर्गा को नम आंखों से विदाई दी। इस दौरान पूजा पंडालों में भक्तिमय माहौल के बीच मां के जयकारे गूंजते रहे।
विजयादशमी के अवसर पर विभिन्न पूजा पंडालों में महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार सिंदूर खेला की रस्म निभाई। सुहागिन महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर मां दुर्गा से अखंड सौभाग्य की कामना की। इसके बाद श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां की प्रतिमा को विदाई दी और नजदीकी तालाबों में विसर्जन किया।
बगोदर प्रखंड मुख्यालय स्थित शक्ति मंदिर एवं बगोदर बाजार के अलावा अटका, औंरा सहित सरिया प्रखंड के ठाकुरबाड़ी, बंदखारो, कपिलो, कसियाडीह और चढ़ैवा समेत विभिन्न स्थानों पर दुर्गा पूजा उत्सव का समापन हुआ। पूरे नौ दिनों तक श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना की।
पूजा और प्रतिमा विसर्जन के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने में शासन-प्रशासन की भूमिका महत्वपूर्ण रही। शांतिपूर्ण माहौल में विसर्जन संपन्न होने के साथ ही क्षेत्र में दुर्गा पूजा उत्सव का समापन हो गया।