देवरी में भक्ति और आस्था का संगम, ‘मेघनाद वध’ नाटक ने बांधा समां
डीजे न्यूज, देवरी,गिरिडीह : प्रखंड क्षेत्र में दुर्गा पूजा का त्योहार श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। देवरी स्थित सार्वजनिक दुर्गा मंदिर सहित रानीडीह, ढेंगाडीह, घोरंजी, सिखरूडीह, मनकडीहा, फतेहपुर, मानिकबाद, किशगो, तेतरिया, चौकी और बैरिया समेत विभिन्न गांवों में मां दुर्गा की आराधना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।
विजयादशमी की रात देवरी में मनमोहन नाटक मंडली के कलाकारों ने धार्मिक नाटक ‘मेघनाद वध’ का मंचन किया। कलाकारों की प्रस्तुति ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। बड़ी संख्या में लोगों ने नाटक का आनंद लिया और धार्मिक प्रसंगों के माध्यम से सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ाव महसूस किया।
**पूजा पंडालों में उमड़ी भीड़, सुरक्षा में तैनात रही पुलिस**
दुर्गा पूजा के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन सक्रिय रहा। देवरी थाना प्रभारी श्वेता कुमारी, एसआई रिशु सिन्हा, गणेश कुमार और रामपुकार सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने विभिन्न पूजा पंडालों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं, पूजा पंडालों में पुलिस बल की तैनाती भी की गई थी। भेलवाघाटी थाना प्रभारी निरंजन कच्छप ने चौकी स्थित पूजा पंडाल का निरीक्षण किया।
**महाष्टमी से दशमी तक मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु**
नवरात्र के दौरान महाष्टमी, नवमी और दशमी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने मां जगदंबे की विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिरों में सुबह से लेकर दिनभर भक्तों का आना-जाना लगा रहा। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर पूजा समिति के अध्यक्ष मुरलीधर महतो के साथ सुधीर चंद्र राय, सुखदेव सिंह, सत्यनारायण चौधरी, राजेंद्र कुमार शर्मा, गुलशन कुमार, रणजीत महतो, संतोष कुमार राय, प्रमोद कुमार शर्मा और चंद्रशेखर कुमार शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।