दुर्गा पूजा की छुट्टियों का फायदा चोरों ने उठाया, स्कूल से मध्याह्न भोजन के बर्तन ले उड़े

दुर्गा पूजा की छुट्टियों का फायदा चोरों ने उठाया, स्कूल से मध्याह्न भोजन के बर्तन ले उड़े

​डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):  कतरास थाना क्षेत्र के राजकीय मध्य विद्यालय भटमुरना में दुर्गा पूजा के अवकाश के दौरान अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम देने का मामला सामने आया है। चोरों ने विद्यालय के रसोईघर का ताला तोड़कर मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) बनाने में इस्तेमाल होने वाले बड़े-बड़े बर्तन चोरी कर लिए।
​विद्यालय में 17 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक दुर्गा पूजा की छुट्टियां थीं। बुधवार को जब विद्यालय पुनः खुला, तो बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन पकाने हेतु चूल्हा जलाने गई संयोजिका ने देखा कि रसोईघर का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखने पर पता चला कि खाना बनाने के उपयोग में आने वाले एल्युमिनियम के चार बड़े डेग, छह ढक्कन और लोहे की एक बड़ी कड़ाही गायब थे। इसके अलावा, पुराने रसोईघर का भी ताला टूटा हुआ पाया गया।
​घटना के संबंध में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक राजीव कुमार सिंह एवं सरस्वती वाहिनी संचालन समिति की संयोजिका रीता देवी द्वारा कतरास थाना प्रभारी को आवेदन देकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। विद्यालय प्रशासन ने पुलिस से मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top