दुर्गा पूजा: 17 अक्टूबर से 22 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा कंट्रोल रूम
0326 – 2311807, 112 है कंट्रोल रूम का फोन नंबर
सभी थाना व ओपी में रहेंगे दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी
सोशल मीडिया पर रहेगी मॉनिटरिंग सेल की कड़ी नजर
डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध, 16 स्थान पर रहेंगे अग्निशमन वाहन
डीजे न्यूज, धनबाद: दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार तथा एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अरविंद कुमार ओझा ने संयुक्त आदेश जारी किया है।
जिसमें जिले को कतरास, धनबाद, चिरकुंडा, तोपचांची, झरिया, गोविंदपुर एवं टुंडी जोन में बांटा है। सभी जोन में जोनल दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी तथा सभी थाना व ओपी में पुलिस पदाधिकारी के साथ दंडाधिकारी मौजूद रहेंगे। साथ ही सभी थाना क्षेत्र में पुलिस का चलंत दस्ता लगातार भ्रमणशील रहेगा। क्विक रिस्पॉन्स टीम भी मौजूद रहेगी।
दुर्गा पूजा के अवसर पर 17 अक्टूबर सुबह 6 बजे से 22 अक्टूबर की सुबह 6 बजे तक 24×7 संयुक्त कंट्रोल रूम प्रभावी रहेगा। अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे इसके संपूर्ण प्रभार में रहेंगे। जबकि डीएसपी सीसीआर प्रदीप कुमार साव पुलिस पदाधिकारियों के वरीय प्रभार में रहेंगे। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 0326 – 2311807, 112 है। दुर्गा पूजा के अवसर पर विधि व्यवस्था के वरीय प्रभार में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अरविंद कुमार ओझा रहेंगे। जबकि पुलिस पदाधिकारी के वरीय प्रभार में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव एवं ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब रहेंगे।
सभी थाना व ओपी में रहेंगे दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी
धनबाद, बैंक मोड़, सरायढेला, धनसार, झरिया, जोरापोखर, सुदामडीह, पाथरडीह, तिसरा, सिंदरी, बलियापुर, केंदुआडीह, पुटकी, लोयाबाद, जोगता, कतरास, राजगंज, महुदा, मधुबन, बरोरा, तेतुलमारी, बाघमारा, तोपचांची, हरिहरपुर, बरवाअड्डा, गोविंदपुर, टुंडी, पुर्वी टुंडी, मनियाडीह, निरसा, चिरकुंडा थाना तथा भूली ओपी, घनुआडीह, बोर्रागढ़, भौंरा, लोदना, अलखडीहा, गौशाला, मुनिडीह, भागाबांध, अंगारपथरा, कपूरिया, रामकनाली, गोंदुडीह, खरखरी, ईस्ट बसुरिया, सोनारडीह, धर्माबांध, कालूबथान, कुमारधुबी, मैथन, गलफरबाड़ी, खरखरी, भाटडीह एवं पंचेत ओपी में पुलिस पदाधिकारियों के साथ साथ दंडाधिकारी तथा चलंत दस्ता रहेगा।
लगातार भ्रमणशील रहेगा पुलिस का चलंत दस्ता
पुलिस का चलंत दस्ता लगातार भ्रमणशील रहेगा। वहीं अनुमंडल दंडाधिकारी, सभी डीएसपी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, साइबर डीएसपी, साइबर थाना प्रभारी व्हाट्सएप ग्रुप सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर बनाए रखेंगे। साथ-साथ समन्वय स्थापित करते हुए पूरे अनुमंडल क्षेत्र में विधि व्यवस्था संधारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
दुर्गा पूजा के अवसर पर सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक, लोक शांति या विधि व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री पर पुलिस के सोशल मीडिया मोनिटरिंग सेल की विशेष निगरानी रहेगी। ऐसा करने वालों के विरुद्ध विधि सम्मत एवं नियमानुकूल कार्रवाई की जाएगी।
16 स्थान पर रहेंगे अग्निशमन वाहन
दुर्गा पूजा के अवसर पर भूली डी ब्लॉक, झारखंड मैदान, सरायढेला थाना, जिला नियंत्रण कक्ष, झरिया थाना, स्वस्तिक सिनेमा हॉल कतरास, गोविंदपुर थाना, निरसा थाना, एगारकुंड प्रखंड के पास, सुदामडीह थाना, भेलाटांड (जोगता थाना), कुसुंडा थाना, राजगंज थाना, बस्ताकोला, लोदना थाना तथा बरोरा थाना में अग्निशमन वाहन उपलब्ध रहेंगे।
जबकि रावण दहन कार्यक्रम के दौरान बरवाअड्डा, बलियापुर बाजार, सिंदरी शिव मंदिर मैदान, हरिहरपुर थाना, गौशाला थाना, भूली थाना, मालकेरा (कतरास) एवं सुदामडीह थाना क्षेत्र में सुरक्षा के विशेष प्रबंध रहेंगे।
संयुक्त आदेश में पूजा समितियों को 20 बिंदुओं का पालन करने का विशेष आदेश भी दिया गया है। जिसमें पंडाल के अंदर हवनकुंड में प्रज्वलित अग्नि, पूजा स्थान में रखे दीपक आदि के आसपास पर्याप्त सावधानी रखने, भीड़भाड़ वाले पूजा पंडालों में ड्रोन से निगरानी रखने, पूजा पंडाल के पास सड़क पर पार्किंग स्थल नहीं बनाने सहित अन्य निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त दशहरा पर्व को लेकर भी आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
संयुक्त आदेश में पेयजल आपूर्ति, साफ सफाई, विद्युत आपूर्ति सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों को लेकर तथा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी को निर्धारित विसर्जन रूट का सत्यापन दो दिन पूर्व कर लेने व निर्धारित मार्ग से ही विसर्जन जुलूस निकलवाने का निर्देश दिया गया है।