अभिनय, नृत्य और भाव-भंगिमाओं से अभिभावक हुए अभिभूत

अभिनय, नृत्य और भाव-भंगिमाओं से अभिभावक हुए अभिभूत

बच्चों ने किया महिषासुर मर्दिनी का मंचन

डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): डीएवी बनियाहीर विद्यालय में बुधवार को अर्धवार्षिक परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया। इस अवसर पर अभिभावक-शिक्षक मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित हुए। इस दौरान भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत महिषासुर मर्दिनी का मनमोहक मंचन रहा।
महिषासुर मर्दिनी के रूप में शांभवी सिंह ने अपने जीवंत और प्रभावशाली अभिनय से दर्शकों का मन मोह लिया। अन्य बच्चों ने भी अपनी आकर्षक प्रस्तुति से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। बच्चों के अभिनय, नृत्य और भाव-भंगिमाओं को देखकर उपस्थित अभिभावक अभिभूत हो गए। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में बच्चों की साज-सज्जा एवं वेशभूषा को आकर्षक बनाने में विद्यालय की शिक्षिका निधि अग्रवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं, नृत्य निर्देशन सांस्कृतिक कार्यक्रम की संयोजिका आताशी चक्रवर्ती ने किया। कार्यक्रम का सफल निर्देशन एवं संचालन सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी पंकज कुमार दुबे के मार्गदर्शन में हुआ।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की प्राचार्या डॉ. अभिलाषा कुमारी ने बच्चों के उत्कृष्ट अभिनय और प्रतिभा की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय के बच्चे शिक्षा के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। चाहे खेलकूद हो, नृत्य हो या शैक्षणिक गतिविधियां, हर क्षेत्र में बच्चे अपनी क्षमता साबित कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी बच्चे अपनी प्रतिभा के बल पर विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
प्राचार्या ने बच्चों की आकर्षक वेशभूषा एवं रूप-सज्जा के लिए शिक्षिका निधि अग्रवाल तथा नृत्य निर्देशन के लिए आताशी चक्रवर्ती की विशेष प्रशंसा की। साथ ही कार्यक्रम के सफल निर्देशन एवं संचालन के लिए पंकज कुमार दुबे को धन्यवाद देते हुए सभी बच्चों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में दशहरा जैसे पावन अवसरों पर विद्यालय में और भी आकर्षक एवं प्रेरणादायक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस आयोजन ने बच्चों की कलात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का संदेश भी दिया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top