बलियापुर की खबरें:-

बलियापुर की खबरें:-

सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक से अभिलेख संग्रह करने का प्रस्ताव पारित

बलियापुर: प्रस्तावित उच्च विद्यालय बाघमारा की शासी निकाय की बैठक मंगलवार को उत्तम कुमार दे की अध्यक्षता में हुई। स्कूल परिसर में आयोजित बैठक में शासी निकाय की पिछले बैठक की समीक्षा करते हुए विद्यालय के नवनियुक्त सचिव दीपक कुमार महतो एवं शिक्षाविद के रूप में स्वप्न कुमार महतो के नामों की संपुष्टि की गई। विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक के अवकाश ग्रहण के बाद सभी अभिलेखों को उनके द्वारा अपने पास रखे जाने से कार्यालय संबंधी काम-काज पर पड़ रहे असर पर चर्चा किया गया। बैठक में विद्यालय के सभी अभिलेखों को अवकाश प्राप्त पूर्व प्रधानाध्यापक से संग्रह करने का प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में विद्यालय के सचिव दीपक कुमार महतो, स्वप्न कुमार महतो, प्रभारी प्रधानाध्यापक गणेश चंद्र गोराई, नूर मोहम्मद अंसारी आदि थे।
————————————————–

भाजपा नेत्री पहुंची नेमरा, रूपी सोरेन को दी श्रद्धांजलि

बलियापुर: भाजपा प्रदेश कार्य समिति की सदस्य व बलियापुर की भाजपा नेत्री तारा देवी मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के गांव नेमरा पहुंची। उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलकर उनकी माता पूर्व सांसद रूपी सोरेन के निधन पर गहरी शोक संवेदना प्रकट किया। तारा देवी ने पूर्व सांसद स्वर्गीय रूपी सोरेन की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
————————————————-

विधायक ने जताया शोक

बलियापुर: झामुमो के पूर्व धनबाद जिला अध्यक्ष रमेश टुडू की पत्नी अंजलि टुडू का आकस्मिक निधन का समाचार पाकर विधायक चंद्रदेव महतो मंगलवार को धनबाद पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना प्रकट किया। विधायक ने संकट की इस घड़ी में परिजनों को ढांढस बंधाया।

———————————————–

जर्जर पानी टंकी बदलने को कार्यपालक अभियंता को लिखा पत्र

बलियापुर: विधायक चंद्रदेव महतो ने पीएचईडी विभाग के कार्यपालक अभियंता को पत्र प्रेषित कर मुकूंदा पंचायत के हुचूकटांड़ स्थित जर्जर पानी टंकी को बदलने को कहा है। पत्र में कहा गया है कि उक्त पानी टंकी से गांव के रवानी टोला एवं बाउरी टोला समेत अगल-बगल के लोगों को पानी उपलब्ध होता है। पानी टंकी के जर्जर हो जाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
————————————————–

सड़क हादसे में जख्मी की इलाज के दौरान मौत

बलियापुर:  बलियापुर- पतलाबाड़ी रोड पर दुधिया जोड़िया के पास दो दिन पूर्व हुई सड़क दुर्घटना में जख्मी दोलाबड़ के 55 वर्षीय वासुदेव महतो का मंगलवार को इलाज के क्रम में एसएनएमएमसीएच में निधन हो गया। उनके निधन का समाचार सुन गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जाता है कि रविवार की सुबह करीब 9:00 बजे वह साइकिल से दुधिया स्थित एक पत्थर क्रेशर में मजदूरी करने जा रहा था। दूधिया जोड़ियां के पास एक बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक बाइक को वहीं छोड़ भाग निकला। सूचना पाकर बलियापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बासुदेव को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद में भर्ती करवाया था। पुलिस ने बाइक को जप्त कर थाना ले आई है। मृतक के परिवार में उनकी पत्नी रीना देवी एवं एक छोटी पुत्री है। घटना पर विधायक चंद्रदेव महतो, मुखिया सुनीता मल्लिक, पंचायत समिति सदस्य भोलानाथ महतो आदि ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
————————————————-
शहीद मनींद्रनाथ मंडल की पुण्यतिथि की सफलता को बैठक

बलियापुर: झारखंड सुड़ी समाज कल्याण समिति की बैठक मंगलवार को केंदवाटांड़ में शैलेन मंडल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में शहीद मनींद्रनाथ मंडल की 32 वीं पुण्यतिथि पर धनबाद के स्टील गेट के समक्ष आयोजित होने वाले श्रद्धांजलि सभा को सफल बनाने पर विचार विमर्श किया गया। बैठक में शहीद मनींद्रनाथ मंडल की पुण्यतिथि को यादगार बनाने के लिए बलियापुर से सैकड़ो की संख्या में रैली निकाल धनबाद चलने का निर्णय लिया गया। बैठक में धनंजय मंडल, गोरचंद्र मंडल, दशरथ मंडल, विजय मंडल, अनीता मंडल, अजीत मंडल, पिंटू मंडल आदि थे।
————————————————–


सरकारी गाइडलाइन का पालन करने का निर्देश
बलियापुर: दुर्गोत्सव को लेकर बलियापुर थाना परिसर में मंगलवार को शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। सीओ मुरारी नायक एवं बीडीओ प्रभाष चंद्र दास ने पूजा कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्यों को क्षेत्र में शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में पूजा संपन्न कराने का निर्देश दिया। कहा कि  डीजे एवं नशाखोरी पर पूर्ण पाबंदी है। इसके अलावा पूजा एवं मेला स्थलों पर साफ सफाई और वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था, बिजली आदि की समुचित व्यवस्था करने पर जोर दिया गया। बैठक में बेहतर कार्यक्रम के लिए पूजा कमेटियों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। मौके पर पुलिस इंस्पेक्टर नूतन मोदी, थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार, एसआई महेश्वर महतो, अशोक कुमार, हसरत जमाल, अल्पना मुखर्जी, सीमा देवी, उप प्रमुख आशा देवी, सीमा देवी, बेंगु ठाकुर, दिनेश सिंह, प्रदीप उपाध्याय, कुलदीप अग्रवाल, मुखिया विजय गोराई, उत्तम चौबे के अलावा विभिन्न दुर्गा पूजा कमेटी के सदस्य मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top