बच्चों की उत्तर पुस्तिकाएं देख अभिभावकों ने परखी शैक्षणिक प्रगति

बच्चों की उत्तर पुस्तिकाएं देख अभिभावकों ने परखी शैक्षणिक प्रगति

सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बरगंडा में अभिभावक गोष्ठी, शिक्षकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास पर किया संवाद

डीजे न्यूज, गिरिडीह : सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा में सोमवार को अर्द्धवार्षिक परीक्षा-2026 की उत्तर पुस्तिकाओं के अवलोकन को लेकर अभिभावक गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें कक्षा अरुण से लेकर द्वादश तक के विद्यार्थियों ने अपने अभिभावकों के साथ भाग लिया। अभिभावकों ने बच्चों की उत्तर पुस्तिकाएं देखकर उनकी शैक्षणिक प्रगति, लेखन शैली और विभिन्न विषयों में प्रदर्शन का आकलन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य आनंद कमल एवं वरिष्ठ आचार्य राजीव सिन्हा ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और पुष्पार्चन के साथ किया। इसके बाद आचार्य बंधु-भगिनियों ने सामूहिक वंदना प्रस्तुत की।

सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले कार्यक्रम में विद्यार्थियों की हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, कंप्यूटर और सामान्य ज्ञान विषयों की उत्तर पुस्तिकाएं अभिभावकों के अवलोकन के लिए रखी गईं। अभिभावकों ने बच्चों के विषयवार प्रदर्शन को समझा और उनकी पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं व सुधार की संभावनाओं पर शिक्षकों से चर्चा की।

इस दौरान आचार्य एवं दीदी जी ने अभिभावकों को बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता बेहतर बनाने तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया। गोष्ठी का उद्देश्य विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों की पढ़ाई में सुधार लाना रहा।

कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त आचार्य बंधु-भगिनी और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top