पारसनाथ के जंगल में नक्सली साजिश नाकाम, 5 किलो का केन बम और 38 ग्रेनेड शेल बरामद

पारसनाथ के जंगल में नक्सली साजिश नाकाम, 5 किलो का केन बम और 38 ग्रेनेड शेल बरामद

गुप्त सूचना पर SP डॉ. विमल कुमार ने चलवाया था पुलिस-CRPF का संयुक्त सर्च अभियान

डीजे न्यूज, पीरटांड़, गिरिडीह : पारसनाथ के पहाड़ी क्षेत्र स्थित जिरवाबेड़ा जंगल के पास नक्सलियों की हिंसक साजिश को नाकाम करने में पुलिस और सीआरपीएफ को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए संयुक्त सर्च अभियान में पुलिस और सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है।

बरामद सामानों में 5 किलोग्राम वजन का एक केन बम, करीब 35 मीटर कोडेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर का एक बंडल और 38 पीस लोहे के अर्धनिर्मित ग्रेनेड शेल शामिल हैं। इसके अलावा एक इमरजेंसी लाइट और ग्रेनेड बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार और सीआरपीएफ की 154वीं बटालियन के कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी को 10 अक्टूबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि पारसनाथ के पहाड़ी क्षेत्र में जिरवाबेड़ा जंगल के पास नक्सलियों ने विध्वंसक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से विस्फोटक सामग्री और हथियार छिपाकर रखे हैं। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस एवं सीआरपीएफ की संयुक्त टीम गठित की गई।

अपर पुलिस अधीक्षक अभियान सुरजीत कुमार और सीआरपीएफ की 154वीं बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी अभिनव आनंद के नेतृत्व में टीम ने सर्च अभियान चलाया। इसमें खुखरा थाना प्रभारी रविंद्र कुमार सिंह, मधुबन थाना के पुलिस पदाधिकारी मणिलाल सिंह एवं उमेश कुशवाहा सिंह सहित सीआरपीएफ की क्विक एक्शन टीम (क्यूएटी) और जिला पुलिस बल के जवान शामिल थे।

पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से नक्सलियों की संभावित विध्वंसक योजना को विफल करने में मदद मिली है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और सुरक्षा बल सतर्क हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top