महालया पर ‘बोधन’ नाटक का मंचन, शिक्षा व्यवस्था की खामियों पर किया प्रहार
डीजे न्यूज, धनबाद: लिंडसे क्लब एंड लाइब्रेरी प्रांगण में महालया के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में “बोधन” नामक नृत्य नाटिका का मंचन किया गया। देवी दुर्गा पर आधारित नाटक के माध्यम से कलाकारों ने सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।
कलाकारों के रूप में क्लब के महिला, पुरुष और बच्चों ने नाटक में अपनी प्रतिभा दिखाई। ‘बोधन’ का अर्थ देवी दुर्गा को पूजन के पूर्व जागृत करना है, जिसे नाटक के माध्यम से वर्तमान समाज की कुरीतियों के खिलाफ चेतना जगाने के रूप में प्रस्तुत किया गया।
इस नाटक के माध्यम से वर्तमान शिक्षा प्रणाली की बदहाली, प्रश्न पत्र लीक और इसके कारण विद्यार्थियों द्वारा की जाने वाली आत्महत्या जैसी गंभीर समस्याओं को दर्शाया गया।
नाटक में दिखाया गया कि पैसे के बल पर एक अमीर घर की बेटी प्रश्न पत्र हासिल कर स्कॉलरशिप पा लेती है, जबकि एक गरीब कुम्हार की प्रतिभाशाली बेटी इससे वंचित रह जाती है और हताश होकर आत्महत्या कर लेती है। पुत्री के वियोग में कुम्हार दुर्गा प्रतिमा बनाने से इनकार कर देता है। ग्रामीणों के बहुत आग्रह करने पर वह प्रतिमा तो बनाता है, लेकिन उसका मुखमंडल उसकी मृत बेटी से मिलता-जुलता बन जाता है।
शुरुआत में ग्रामीण इसका विरोध करते हैं, लेकिन अंततः सामाजिक कार्यकर्ता के प्रयास से इसी प्रतिमा का ‘बोधन पूजन’ कर देवी मां का आह्वान किया जाता है।
कार्यक्रम के अंत में कलाकारों ने नृत्य-नाटिका के जरिए मां दुर्गा से क्षेत्र में सुख, समृद्धि और न्याय की वर्षा करने की प्रार्थना की।
लिंडसे क्लब के सचिव सलिल विश्वास एवं अध्यक्ष अमलेंदु सिन्हा ने कलाकारों की सफलता पर बधाई दी और आने वाले दुर्गा पूजा को लेकर सभी को शुभकामनाएं दी।