साबलपुर के गायब अखबार विक्रेता पवन सेन की लाश बरमसिया रेलवे लाइन के किनारे मिली
डीजे न्यूज, गोविंदपुर, धनबाद : गोविंदपुर थाना क्षेत्र के साबलपुर गांव निवासी मंगलवार सुबह से लापता अखबार विक्रेता 38 वर्षीय पवन कुमार सेन की लाश बुधवार रात धनसार थाना क्षेत्र के बरमसिया के समीप रेलवे लाइन के किनारे मिली। सूचना पाकर परिजन एवं साबलपुर गांव के दर्जनों लोग बुधवार रात ही घटनास्थल पहुंचे। गुरुवार को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम किया गया तथा शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद शाम में साबलपुर में अंतिम क्रिया कर दी गई। पवन कुमार सेन के लापता होने की सूचना उसके भतीजे रोहित मोदक ने बुधवार को गोविंदपुर थाना में दी थी। उन्हें आखिरी बार करमाटांड़, धनबाद में देखा गया था। थाना प्रभारी को दिए आवेदन में उनके भतीजे रोहित मोदक ने बताया था कि लापता होने के समय उन्होंने पीले रंग की टी-शर्ट और काली हाफ पैंट पहन रखी थी। आवेदन के अनुसार परिवार के सदस्यों एवं परिचितों द्वारा अपने स्तर से काफी खोजबीन की गई। बुधवार रात पुलिस के द्वारा परिवार को सूचना मिली कि उसकी लाश पड़ी हुई है। मृतक के पिता स्वर्गीय महादेव मोदक भी अखबार विक्रेता थे। मृतक के दो भाई हैं तपन और सपन। मृतक के परिवार में मां, पत्नी लक्ष्मी देवी 16 वर्षी पुत्र रोशन मोदक तथा 13 वर्षी पुत्री परी कुमारी है। रोशन और परी उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय गोसाईडीह में पढ़ते हैं। घटना की खबर सुनकर गोविंदपुर प्रखंड प्रमुख निर्मला सिंह, मुखिया पूजा देवी समेत दर्जनों लोग उनके आवास पहुंचे और घटना पर संवेदना प्रकट की।