‘दिशा’ की बैठक में 100 से अधिक जनकल्याणकारी योजनाओं की हुई समीक्षा
दुर्गापूजा से पहले सड़कें बनेंगी पूरी तरह से मोटरेबल : उपायुक्त
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद के सांसद ढुलू महतो की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय के सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। जिसमें 100 से अधिक जनकल्याणकारी योजनाओं की गहन समीक्षा की गई। साथ में जनसमस्याओं और आगामी दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में सांसद धनबाद ने जिले की सभी सड़कों को दुरुस्त करने का अनुरोध किया। सांसद गिरिडीह सीपी चौधरी ने गोविंदपुर बालाजी पेट्रोल पंप से बलियापुर तक एवं बलियापुर हिरक रोड को दुरुस्त करने का अनुरोध किया। विधायक धनबाद राज सिन्हा ने जामाडोबा पेयजल पाइपलाइन को माडा की पाइप से इंटरकनेक्ट करने का सुझाव दिया। विधायक निरसा अरुप चटर्जी ने टहल कंपनी के पाइपों को सुरक्षित स्थान पर रखने का प्रस्ताव दिया। विधायक बाघमारा शत्रुघ्न महतो ने जलापूर्ति योजना को चालू करने की समय सीमा निर्धारित करने का अनुरोध किया। माननीय विधायक झरिया के प्रतिनिधि ने कतरास मोड़ से सिंदरी तक सड़क के बीच में डिवाइडर बनाने का सुझाव दिया। विधायक टुंडी मथुरा प्रसाद महतो ने टुंडी क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। चिरकुंडा नगर परिषद की अध्यक्ष ने भी अपने सुझाव दिए।
बैठक में मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), डीडीयू-जीकेवाई, श्यामा प्रसाद मुखर्जी रुर्बन मिशन एवं सांसद आदर्श ग्राम योजना की समीक्षा की गई।
साथ में कृषि, सिंचाई एवं जल प्रबंधन में पीएम-किसान, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, जल जीवन मिशन, नमामि गंगे, अटल भूजल योजना एवं जल शक्ति अभियान (कैच द रेन), अमृत 2.0, पीएम आवास योजना (शहरी), स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण एवं शहरी), पीएम स्वनिधि, राष्ट्रीय राजमार्ग की परियोजनाएं एवं डिजिटल इंडिया (भारतनेट), आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मिशन सक्षम आँगनबाड़ी एवं पोषण 2.0, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन, शिक्षा, समग्र शिक्षा, मध्याह्न भोजन (पीएम पोषण), पीएम उज्ज्वला 2.0, पीएम रोजगार सृजन कार्यक्रम, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जन-धन योजना, अटल पेंशन योजना तथा सुकन्या समृद्धि खाता सहित 100 से अधिक जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के समापन पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि दिशा की बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत 5 से 6 बड़ी परियोजनाएं संवेदकों की लापरवाही के कारण लंबित पाई गई। कार्य में शिथिलता बरतने वाले संवेदकों के अनुबंध को रद्द करने की अनुशंसा राज्य सरकार को भेजी गई है। सरकार स्तर से कार्रवाई पूरी होते ही कार्य को नए संवेदक को आवंटित कर पेयजलापूर्ति का कार्य युद्धस्तर पर पूर्ण कराया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि आगामी दुर्गा पूजा के मद्देनजर जिले के नागरिकों को बेहतर सड़कें देने के लिए बलियापुर रोड, मनईटांड़ सहित शहर की सभी प्रमुख क्षतिग्रस्त सड़कों को अगले 7 से 10 दिनों के भीतर पूरी तरह से मोटरेबल बनाया जाएगा। गोविंदपुर सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है, जिसे आगे भी निरंतर चलाया जाएगा।
सड़कों पर जलजमाव की समस्या का समाधान और झूलते बिजली के तारों को दुरुस्त करने का विशेष अभियान आगामी एक सप्ताह में पूरा किया जाएगा। पर्व के दौरान आम नागरिकों की सुविधा के लिए हल्के वाहनों (दोपहिया एवं चारपहिया) के सुगम आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जा रही है। सड़क किनारे अनधिकृत वाहन पार्किंग पर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र की सड़कें, जो एसीबी जांच के कारण मरम्मत नहीं हो सकती है, के लिए वे एसीबी से बात कर अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने का प्रयास करेंगे। वहीं गोविंदपुर में निर्बाध यातायात के लिए 32 स्वयंसेवकों की सहायता से सड़क को जाम मुक्त रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा पार्क के पास शराब दुकान के कारण आम जनों को होने वाली परेशानी दूर करने के लिए सुरक्षा का प्रबंध किया जाएगा।
बैठक में विधायक धनबाद राज सिन्हा ने माडा जलापूर्ति योजना फेज 2, धनबाद शहरी जलापूर्ति योजना फेज 2, धनबाद नगर निगम की 35 सड़के जो एसीबी जांच के कारण लंबित है, का मामला उठाया। विधायक बाघमारा शत्रुघ्न महतो ने बाघमारा ग्रामीण जलापूर्ति योजना फेस 1 एवं फेज 2 के धीमी प्रगति का मामला उठाया। जबकि विधायक झरिया रागिनी सिंह के प्रतिनिधि ने झरिया अंचल कार्यालय के जर्जर भवन एवं इसकी मरम्मती या नए भवन निर्माण का सुझाव दिया।
बैठक में टुंडी में एलिफेंट कॉरिडोर, ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में शिक्षकों का राशनलाइजेशन, बीबीएमकेयू की भूमि को अतिक्रमण से बचाने के लिए भूमि का सर्वे करने, आठ लेन सड़क को अतिक्रमण मुक्त करने, नावाडीह में जल जमाव का निराकरण करने सहित अन्य विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में सांसद धनबाद ढुलू महतो, सांसद गिरिडीह चंद्र प्रकाश चौधरी, विधायक टुंडी मथुरा प्रसाद महतो, विधायक धनबाद राज सिन्हा, विधायक निरसा अरूप चटर्जी, माननीय विधायक बाघमारा शत्रुघ्न महतो, महापौर संजीव सिंह, जिला परिषद की अध्यक्ष शारदा सिंह, चिरकुंडा नगर परिषद की अध्यक्ष सुनीता देवी, विधायक झरिया के प्रतिनिधि अखिलेश सिंह, उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास पालीवाल, अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला, सभी प्रखंड के प्रखंड प्रमुख के अलावा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।