सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा के प्रतिभागियों ने प्रांतीय संस्कृति महोत्सव में लहराया परचम
चार प्रतिभागियों का क्षेत्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा के विद्यार्थियों ने प्रांतीय संस्कृति महोत्सव में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का मान बढ़ाया है। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और आचार्य को गुरुवार को विद्यालय की वंदना सभा में आयोजित मेधा सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य आनंद कमल ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित और पुष्पार्चन कर किया। सामूहिक वंदना से वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के बस चालक एवं अभिभावक मनोज उपस्थित रहे। आचार्य अजित मिश्र ने उन्हें अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। समारोह का संचालन भी उन्होंने किया।
लोहरदगा स्थित शीला अग्रवाल सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में आयोजित दो दिवसीय प्रांतीय संस्कृति महोत्सव में विद्यालय के विद्यार्थियों ने आचार्य दुलारचंद, ममता दीदी, आचार्य शंभू शंकर, आचार्य जितेंद्र मिश्र सहित अन्य आचार्यों के मार्गदर्शन में बेहतर प्रदर्शन किया।
इन प्रतिभागियों ने हासिल की उपलब्धि
बाल वर्ग संस्कृतिबोध प्रश्नमंच में कक्षा आठ के आकर्षण रूद्र, हरिओम कुमार उपाध्याय और राम विजय सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शिशु वर्ग संस्कृतिबोध प्रश्नमंच में कक्षा चार की प्रीति निषाद, प्रियांशी कुमारी और भाविका नीति ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं, तरुण वर्ग आशुभाषण प्रतियोगिता में कक्षा 11 की प्रिया कुमारी और आचार्य पत्र-वाचन
प्रतियोगिता में डॉ ब्रजेश बर्णवाल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इन सभी प्रतिभागियों का चयन गया में आयोजित होने वाले क्षेत्रीय संस्कृति महोत्सव के लिए किया गया है। अब वे क्षेत्रीय स्तर पर विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य आनंद कमल ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और आचार्यों के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने सभी चयनित प्रतिभागियों को क्षेत्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय को गौरवान्वित करने की शुभकामनाएं दीं।