प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे, धनबाद में निकली ‘सेवा ज्योति यात्रा’
सांसद ढुलू महतो समेत भाजपा विधायकों ने हाथों में मशाल लेकर शुरू की यात्रा
कार्यकर्ताओं ने लिया जनसेवा का संकल्प
डीजे न्यूज, धनबाद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में धनबाद के जगजीवन नगर में भी कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश और उनके कार्यों को लोगों तक पहुंचाया गया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और युवाओं ने बाइक रैली और मशाल जुलूस निकाला।
धनबाद सांसद ढुलू महतो, विधायक राज सिन्हा, विधायक रागिनी सिंह और विधायक शत्रुघ्न महतो ने हाथों में मशाल लेकर यात्रा की शुरुआत की। इससे पहले सांसद ढुलू महतो ने पार्टी कार्यकर्ताओं को जनसेवा की शपथ भी दिलाई।
भाजपा नेता ज्ञान रंजन सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह आयोजन किया जा रहा है।
नेताओं के मुताबिक, सेवा ज्योति यात्रा का उद्देश्य राजनीति में सेवा, विकास, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना और ‘विकसित भारत’ के राष्ट्रीय संकल्प को और मजबूत करना है।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और मशाल जुलूस के साथ कार्यक्रम आगे बढ़ाया गया।