शटर तोड़ा, एटीएम उखाड़ा और ट्रैक्टर पर लादकर ले गए अपराधी

शटर तोड़ा, एटीएम उखाड़ा और ट्रैक्टर पर लादकर ले गए अपराधी
डीजे न्यूज, देवघर : नगर थाना क्षेत्र के नंदन पहाड़ स्थित नदी सेवा आश्रम के बाहर लगे एटीएम को देर रात अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने पहले एटीएम का शटर तोड़ा और फिर पूरी मशीन को उखाड़कर ट्रैक्टर पर लाद लिया। इसके बाद वे मौके से फरार हो गए। वारदात के दौरान आसपास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी।

मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने एटीएम का शटर टूटा और मशीन गायब देखी तो इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए चोरों के घटनास्थल पर पहुंचने के समय, उनकी गतिविधियों और वारदात के बाद भागने की दिशा का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। एटीएम मशीन को ले जाने में ट्रैक्टर के इस्तेमाल को पुलिस जांच की अहम कड़ी मान रही है।

घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और वारदात में शामिल चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ संभावित साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top