राज्य बैडमिंटन चैंपियनशिप में गिरिडीह की बेटियों का जलवा, चार खिलाड़ियों का राष्ट्रीय टीम में चयन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : टाटा, जमशेदपुर में 2 से 4 अक्टूबर तक आयोजित योनेक्स सनराइज झारखंड स्टेट मिनी एवं सब-जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप सह नेशनल सिलेक्शन ट्रायल में गिरिडीह के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। गिरिडीह इंडोर स्टेडियम में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही खिलाड़ियों ने अपने दमदार प्रदर्शन के बल पर आगामी राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए झारखंड टीम में जगह बनाई है।
अंडर-11 बालिका सिंगल्स में गिरिडीह की ट्विंकल कुमारी ने फाइनल तक पहुंचकर रजत पदक हासिल किया। वहीं अंडर-11 बालिका डबल्स में ट्विंकल कुमारी और स्नेहा प्रिया की जोड़ी ने शानदार तालमेल का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
अंडर-13 बालिका सिंगल्स में काशवी कृष्णा ने कड़े मुकाबले के बाद रजत पदक जीता। वहीं अंडर-13 बालिका डबल्स में काशवी कृष्णा और उनकी जोड़ीदार ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विपक्षी जोड़ी को शिकस्त देकर राज्य चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया और स्वर्ण पदक जीता।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर इन सभी खिलाड़ियों का चयन आगामी राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए झारखंड टीम में किया गया है। राष्ट्रीय स्तर पर ये खिलाड़ी झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।
खिलाड़ियों की उपलब्धि पर गिरिडीह जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश प्रसाद यादव, नागेन्द्र कुमार, जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला समेत एसोसिएशन के पदाधिकारियों व सदस्यों ने बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
इंडोर स्टेडियम के कोच मुकेश कुमार, अभिषेक कुमार एवं रौशन कुमार ने भी खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास और अनुशासन का परिणाम है कि उन्होंने राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भी खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर गिरिडीह और झारखंड का गौरव बढ़ाएंगी।