बलियापुर की खबरें:-
सेविका-सहायिका व पोषण सखी को किया सम्मानित
बलियापुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के मौके पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को अलग-अलग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष घनश्याम ग्रोवर के नेतृत्व में नीचे ओला बलियापुर, चालधोवा एवं प्रधानखंटा स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों में सेविका- सहायिका एवं पोषण सखियों को सम्मानित किया गया। वहीं भाजपा नेत्री तारा देवी ने सांवलापुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या एक की सेविका -सहायिका एवं पोषण सखी को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। मौके पर डॉ निशि महतो, मंडल अध्यक्ष विद्युत चक्रवर्ती, राजेश मुखर्जी, दीपक गोप, जगन्नाथ दास, सुनीता देवी आदि थे।
—————————————————-
धोखरा की टीम ने ट्रॉफी पर जमाया कब्जा
बलियापुर: बाघमारा के बाउरी टोला में टाईटन फोर्स क्लब द्वारा आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल मैच में सोमवार को धोखरा की टीम ने लोदना को 1-0 से पराजित कर टॉफी पर कब्जा जमा लिया। समाजसेवी विवेक कुमार महतो एवं अभिषेक बाउरी ने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान किया। सफल बनाने में अनूप बाउरी, मणिशंकर बाउरी, विक्की कारण, अभय,भवानी बाउरी, मानिक बाउरी आदि का योगदान रहा।
———————————————–
दोलाबड़ में पहली बार होगा दुर्गोत्सव, तैयारी शुरू
बलियापुर: दोलाबड़ गांव में इस वर्ष पहली बार दुर्गा पूजा आयोजित होगा। इसके लिए ग्रामीणों ने बैठक कर शिव मंदिर प्रांगण में दुर्गा पूजा आयोजित करने का निर्णय लिया है। बैठक में सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी का गठन कर इसकी तैयारी जोरों पर शुरू कर दी गई है। नवगठित कमेटी के अध्यक्ष निमाई पांडे, सचिव किशन कुमार महतो, उपाध्यक्ष उज्वल सेन, कोषाध्यक्ष खोकण सेन के अलावा अनूप कुमार पांडे, भोलानाथ पांडे, भोलानाथ महतो, राकेश मलिक, विश्वजीत महतो, अजीत गोप, राजू महतो, निर्मल कर्मकार, नकुल दास आदि काफी सक्रिय हैं।
————————————————–
स्कूल भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास
बलियापुर: प्राथमिक विद्यालय रखितपुर में सोमवार को विधायक चंद्रदेव महतो ने भवन निर्माण विभाग की ओर से बनने वाले स्कूल भवन निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किया। स्कूल का एक वर्ग कक्षा, किचन रूम, डाइनिंग प्लेस समेत पुराने भवन की मरम्मत्ती एवं सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाना है। मौके पर झामुमो नेता जग्गू महतो, सांसद प्रतिनिधि सुनील चौधरी, पंचायत समिति सदस्य दिवाकर महतो, प्रधान अध्यापिका रश्मि सिन्हा आदि थे।
—————————————————–
हरिओम संस्था ने उपलब्ध कराया खाद्य सामग्री
बलियापुर: हरिओम संस्था द्वारा सोमवार को एक गरीब एवं असहाय व्यक्ति को सुखा राशन प्रदान किया गया। संस्था से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता व विधायक प्रतिनिधि शीतल दत्ता को उक्त व्यक्ति ने अपनी आर्थिक स्थिति बताते हुए सहयोग की अपील किया था। इसके बाद संस्था की ओर से उक्त राशन उपलब्ध करवाया गया। जिसमें चावल, आटा, तेल, दाल, नमक, साबुन, सर्फ, सत्तु, चूड़ा आदि खाद्य सामग्री का पैकेट है। मौके पर संस्था के अध्यक्ष स्वरूप चौधरी, विनोद सिंह, प्रियांशु पाल, प्रभास पाल, सूरज गोपाल, डॉक्टर राजेश सिंह, प्रसुन्न दास गुप्ता आदि थे।
—————————————————
चोरी की केबल के साथ एक धराया
बलियापुर: बलियापुर थाना की पुलिस ने रविवार रात चोरी का केबल लेकर बाइक से भाग रहा सोनू टुडू उर्फ सोना लाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस सोमवार को आरोपित को अदालत ले गई, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने उसे आमझर रेलवे पुल के पास रोका। तलाशी लेने के बाद उसे बाइक और केबल के साथ गिरफ्तार किया।
वह गोविंदपुर के तिलाबनी का रहने वाला बताया जाता है। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को क्षेत्र में घटी चोरी की अन्य घटनाओं के बारे काफी कुछ बताया है। पुलिस इस संबंध में जानकारी प्राप्त कर रही है।