लापरवाह वाहन चालकों पर धनबाद में ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 30 वाहन जब्त

लापरवाह वाहन चालकों पर धनबाद में ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 30 वाहन जब्त
डीजे न्यूज, धनबाद : सोमवार को धनबाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक वाहन जांच अभियान चलाया। प्रशिक्षु आईपीएस श्री अंकित सिन्हा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्ती बरती गई। मौके पर ट्रैफिक डीएसपी श्री रोहित कुमार साव समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे।
जांच अभियान के दौरान 30 वाहनों को जब्त किया गया। वहीं, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने वाले छह चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसके अलावा नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने, आवश्यक दस्तावेज नहीं रखने, गलत दिशा में वाहन चलाने समेत अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने वाले ऑटो और टोटो चालकों को विशेष रूप से चिन्हित किया। यातायात पुलिस ने ऐसे चालकों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा। वाहन जांच अभियान के तहत कुल वाहनों पर करीब पांच लाख रुपये का चालान किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top