सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से अपनी भूमिका निभाएं : बाबूलाल
सात अक्टूबर को गिरिडीह की सेवा ज्योति यात्रा को सफल बनाने का आह्वान
डीजे न्यूज, गिरिडीह : भाजपा के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता है। पार्टी को और मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाएं। वे रविवार को गिरिडीह मध्य और पूर्वी मंडल की अलग-अलग बैठकों को संबोधित कर रहे थे।
बैठक में बाबूलाल मरांडी ने आगामी 7 अक्टूबर को आयोजित होनेवाली सेवा ज्योति यात्रा को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित किया जाना चाहिए। केंद्र और प्रदेश नेतृत्व की ओर से निर्धारित कार्यक्रमों को धरातल पर प्रभावी ढंग से उतारने की जरूरत है। गिरिडीह मध्य मंडल की बैठक भाजपा जिला कार्यालय हरिचक में अध्यक्ष खीरोधर दास की अध्यक्षता में हुई। यहां संचालन जिला महामंत्री सिकंदर हेम्ब्रम ने किया। वहीं जिला पूर्वी मंडल की बैठक उदनाबाद स्थित ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल में आयोजित की गई।
बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर
भाजपा गिरिडीह महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर तक सक्रियता जरूरी है। उन्होंने मंडल पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र संयोजकों, सह-संयोजकों और बूथ कार्यकर्ताओं से संगठन के कार्यों में तेजी लाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर जुटें और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें। भाजपा कार्यकर्ता सेवा, संपर्क और जनसरोकार के माध्यम से समाज के बीच पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने का काम करते हैं।
कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, प्रकाश सेठ, ग्रामीण जिला अध्यक्ष महेंद्र वर्मा, महादेव दुबे, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विनय कुमार सिंह, सुरेश साव, चुन्नूकांत, दिनेश यादव, सुनील पासवान, अजय रंजन, संजीव कुमार, सुरेश मंडल, मनोज सिंह, संगीता सेठ, प्रो. विनीता कुमारी, डोली पाठक, संदीप डंगायच, सिकंदर हेंब्रम, मंडल अध्यक्ष खीरोधर दास, राजेश गुप्ता, मुकेश जालान, दीपक पंडित, गंगाधर दास, इनोद साव, राजू दास सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।