रोटरी कैंप में दवा नहीं, दबाव और प्राकृतिक उपचार से 30 मरीज का इलाज
डीजे न्यूज, गिरिडीह : रोटरी गिरिडीह की ओर से रोटरी नेत्र चिकित्सालय में पांच दिवसीय एक्यूप्रेशर एवं नेचुरोपैथी कैंप का शुभारंभ हुआ। कैंप 8 अक्टूबर तक चलेगा। शिविर में बिना दवा के एक्यूप्रेशर, सुजोक और प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति के जरिए लोगों की विभिन्न शारीरिक समस्याओं के उपचार का प्रयास किया जा रहा है।
राजस्थान से पहुंचे विशेषज्ञ थैरेपिस्ट रबींद्र विश्नोई, राजेंद्र विश्नोई, उम्मेद सिंह और सौरभ बंसल ने पहले दिन 30 लोगों का उपचार किया। मरीजों की समस्याओं के अनुसार उन्हें एक्यूप्रेशर, सुजोक, भाईभ्रेषण और प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति से उपचार दिया गया। विशेषज्ञों ने बेहतर परिणाम के लिए मरीजों को अगले चार दिनों तक शिविर में नियमित आने की सलाह दी।
शिविर में दवाओं के बजाय प्राकृतिक और वैकल्पिक चिकित्सा पद्धति से उपचार किए जाने को लेकर लोगों में उत्साह देखा गया। आयोजकों ने बताया कि कैंप का उद्देश्य लोगों को वैकल्पिक चिकित्सा के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ उपलब्ध कराना है।
कैंप के सफल संचालन में रोटरी गिरिडीह अध्यक्ष अमित गुप्ता, सचिव मनीष वर्णवाल, कैंप संयोजक अमित अग्रवाल, विकास बगड़िया, अभिषेक जैन, विकास बसईवाला और देवेंद्र सिंह समेत अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।