पीएम मोदी के 25 साल पूरे होने पर 7 अक्टूबर को गिरिडीह झंडा मैदान में सेवा यात्रा – बाबूलाल मरांडी ने तेज की तैयारी, उपचुनाव से पहले भाजपा का शक्ति प्रदर्शन

पीएम मोदी के 25 साल पूरे होने पर 7 अक्टूबर को गिरिडीह झंडा मैदान में सेवा यात्रा – बाबूलाल मरांडी ने तेज की तैयारी, उपचुनाव से पहले भाजपा का शक्ति प्रदर्शन

डीजे न्यूज, गिरिडीह : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सरकार के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 7 अक्टूबर को देशभर के जिलों में सेवा यात्रा एवं विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गिरिडीह के झंडा मैदान में भी भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

कार्यक्रम की सफलता को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी गिरिडीह में जिला पदाधिकारियों से लेकर मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे हैं। बैठक में कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम की तैयारियों की जिम्मेदारी देने के साथ अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा की जा रही है।

वहीं, गिरिडीह विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को देखते हुए बाबूलाल मरांडी की कार्यकर्ताओं के साथ बैठक को राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दिवंगत मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद से ही क्षेत्र में उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। भाजपा समेत सभी प्रमुख दल अपनी-अपनी तैयारियों में जुटे हैं और लगातार संगठनात्मक बैठकें एवं जनसंपर्क कार्यक्रम किए जा रहे हैं।

दूसरी ओर, दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की पत्नी श्वेता शर्मा भी लगातार गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हो रही हैं। कई कार्यक्रमों में उनकी बेटियां भी उनके साथ नजर आ रही हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में गिरिडीह की राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

7 अक्टूबर को झंडा मैदान में होने वाले कार्यक्रम को भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के कार्यकाल को लेकर आयोजित सेवा यात्रा के रूप में व्यापक स्तर पर आयोजित करने की तैयारी है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top