पीके रॉय महाविद्यालय में आजसू छात्र संघ की नई कमिटी का गठन

पीके रॉय महाविद्यालय में आजसू छात्र संघ की नई कमिटी का गठन

डीजे न्यूज, धनबाद: आजसू छात्र संघ द्वारा पी.के. रॉय मेमोरियल महाविद्यालय में शनिवार को महाविद्यालय कमिटी का गठन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता छात्र नेता राजवर्धन सिंह ने तथा संचालन छात्र नेता विक्की कुमार ने किया। इस अवसर पर छात्र आजसू के प्रदेश महासचिव विशाल महतो उपस्थित रहे। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए छात्रहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने और उनके समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करने का आह्वान किया।
प्रदेश महासचिव विशाल महतो ने कहा कि कॉलेज में विद्यार्थियों की समस्याओं को किसी भी परिस्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। छात्रों की शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े सवालों को लेकर आजसू छात्र संघ लगातार आवाज उठाएगा। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में नियमित कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करना, कॉलेज परिसर की साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर करना तथा छात्रों को अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने की शिकायतों का समाधान हमारी प्राथमिकता होगी।

उन्होंने कहा कि यदि छात्रों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए भी कॉलेज प्रबंधन के चक्कर लगाने पड़ते हैं या उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़ता है, तो आजसू छात्र संघ चुप नहीं बैठेगा। छात्रों की समस्याओं को कॉलेज प्रबंधन के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन भी किया जाएगा।

विशाल महतो ने नवनियुक्त कमिटी के पदाधिकारियों से कहा कि वे महाविद्यालय के प्रत्येक छात्र की समस्याओं को सुनें और छात्र-छात्राओं के बीच सक्रिय रहकर उनके मुद्दों को उचित मंच तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल कमिटी बनाना नहीं, बल्कि छात्रों के अधिकार, सम्मान और बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था के लिए लगातार काम करना है।

इस अवसर पर दर्जनों छात्रों ने आजसू छात्र संघ की सदस्यता ग्रहण की और संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

कमिटी में अध्यक्ष – हर्ष सिंह, उपाध्यक्ष – पीयूष चौधरी, महासचिव – अविरल माथुर, सचिव – सुमित श्रीवास्तव, सचिव – अनुराग सिंह, सचिव – श्रेया रॉय, सचिव – अमीषा कुमारी को जिम्मेदारी दी गई।

नवनियुक्त कमिटी ने संकल्प लिया कि पी.के. रॉय महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा तथा कॉलेज में बेहतर शैक्षणिक माहौल, नियमित कक्षाएं, स्वच्छ परिसर और छात्रों के सम्मानजनक व्यवहार के लिए लगातार प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में आजसू छात्र संघ के नेता रौनक राज एवं भोला पासवान सहित अन्य छात्र नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top