निरसा से 11 साइबर अपराधी गिरफ्तार, ₹2.85 लाख बरामद

निरसा से 11 साइबर अपराधी गिरफ्तार, ₹2.85 लाख बरामद

19 मोबाइल, 7 एटीएम कार्ड और साइबर फ्रॉड की डायरी बरामद

डीजे न्यूज, धनबाद: बढ़ते साइबर अपराध के खिलाफ धनबाद पुलिस ने ‘साइबर शिल्ड’ नाम से मेगा ऑपरेशन शुरू किया है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने निरसा थाना क्षेत्र के पिठाकियारी गांव में छापेमारी कर 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार लोगों के पास से ₹2.85 लाख नकद, विभिन्न कंपनियों के 19 मोबाइल फोन, सात एटीएम/डेबिट कार्ड, पासबुक, चेकबुक, पांच आधार कार्ड, दो पैन कार्ड और साइबर फ्रॉड के विवरण वाली एक डायरी बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित किया गया था। इसमें 35 पुलिस पदाधिकारी और 120 पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पिठाकियारी में कुछ लोग कथित तौर पर बड़ी साइबर घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। इसके बाद परिवीक्ष्यमान सहायक पुलिस अधीक्षक अंकित सिन्हा, निरसा एसडीपीओ लीलेश्वर महतो और डीएसपी सीसीआर प्रदीप कुमार साव समेत पुलिस अधिकारियों की टीम ने छापेमारी की।

गिरफ्तार आरोपियों में श्याम सुंदर रविदास, राहुल कुमार उर्फ राहुल रविदास, सचिन रविदास, मलय रविदास, श्यामापदो रविदास, झंटू ठाकुर, कुंदन वर्णवाल, अरमान रविदास, अजय रविदास, विजय रविदास और सागर रविदास शामिल हैं। सभी पिठाकियारी के रहने वाले बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, बरामद ₹2.85 लाख में ₹2.03 लाख सचिन रविदास और ₹82 हजार सागर रविदास के पास से मिले। बरामद मोबाइल में एप्पल आई फोन, मोटोरोला, ओप्पो, वन प्लस, रेडमी, विवो और सैमसंग समेत विभिन्न कंपनियों के फोन शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पूर्व से साइबर अपराध, धोखाधड़ी, मारपीट समेत अन्य मामलों में केस दर्ज हैं। कार्रवाई के संबंध में निरसा थाना कांड संख्या 334/2026 दर्ज किया गया है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top