योगदा आश्रम पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन, स्वामी ईश्वरानंद व निर्मलानंद से की मुलाकात
डीजे न्यूज, रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को चुटिया स्थित योगदा सत्संग आश्रम पहुंचे। उनके साथ विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं। मुख्यमंत्री ने आश्रम में स्वामी ईश्वरानंदजी एवं स्वामी निर्मलानंदजी से मुलाकात कर आध्यात्मिक गतिविधियों और आश्रम की हालिया गतिविधियों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने परमहंस योगानन्दजी के कक्ष, फोटो एवं पुस्तक गैलरी का अवलोकन किया। गैलरी में योगानन्दजी और उनके प्रमुख शिष्यों द्वारा रचित पुस्तकें, संदर्भ सामग्री, जारी डाक टिकट, फोटोग्राफ तथा उनके द्वारा इस्तेमाल की गई वस्तुओं को संरक्षित किया गया है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने लीची वेदी, स्मृति मंदिर, ध्यान मंदिर और ध्यान उद्यान समेत पूरे आश्रम परिसर का भ्रमण किया। स्वामी ईश्वरानंदजी और स्वामी निर्मलानंदजी ने मुख्यमंत्री को आश्रम की गतिविधियों एवं विभिन्न आध्यात्मिक केंद्रों के बारे में जानकारी दी।