आरके माइंस में चोरी की कोशिश, खदान के अंदर चोरों के फंसे होने की आशंका

आरके माइंस में चोरी की कोशिश, खदान के अंदर चोरों के फंसे होने की आशंका

डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
रामकनाली ओपी क्षेत्र के आरके माइंस में बुधवार की रात चोरी की कोशिश का मामला प्रकाश में आया है। बताया जा रहा है कि चोर पंखा घर की दीवार में सेंधमारी कर खदान के अंदर प्रवेश कर गए। चोरों की उपस्थिति की सूचना मिलते ही स्थानीय गार्ड मौके पर पहुंचे।  जिसके बाद खदान से बाहर निकलने का रास्ता संदिग्ध चोरों के लिए मुश्किल हो गया। खदान के अंदर चोरों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस और कंपनी प्रबंधन ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
आरके माइंस के जीएम और स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। कंपनी कर्मचारियों ने खदान के अंदर जाकर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। कर्मचारियों के अनुसार, अंदर संदिग्ध चोरों के चप्पल, नंगे पैर के निशान और इंसानी मल मिलने की चर्चा है।
बताया जाता है कि आरके माइंस की खदान काफी गहरी और विस्तृत है तथा करीब 34 लेवल तक फैली हुई है, जिससे अंदर गए लोगों की तलाश करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। यह इलाका सलानपुर खदान के सीम नंबर-5 के आसपास बताया जा रहा है।
फिलहाल खदान परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अंदर गए संदिग्ध लोगों की वास्तविक स्थिति का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। वास्तव में कितने लोग खदान के अंदर फंसे हैं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top