बॉल आंगन में जाने से भड़का विवाद, चाकूबाजी में दंपती घायल; आरोपी गिरफ्तार

बॉल आंगन में जाने से भड़का विवाद, चाकूबाजी में दंपती घायल; आरोपी गिरफ्तार

डीजे न्यूज, तिसरी,गिरिडीह : तिसरी थाना क्षेत्र के अड़सार गांव में बुधवार को बच्चों के खेल के दौरान गेंद पड़ोसी के आंगन में चले जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि पड़ोसी अरबाज ने अपने रिश्ते के भाई मो. इनामुल पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। पति को बचाने पहुंची इनामुल की पत्नी सबीना खातून पर भी हमला किया गया। घटना में दोनों घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल इनामुल को प्राथमिक उपचार के बाद गिरिडीह रेफर किया गया है।

बताया गया कि बुधवार सुबह मो. इनामुल के बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान गेंद पड़ोसी अरबाज के घर के आंगन में चली गई। इसी बात को लेकर अरबाज की पत्नी कस्तूरी खातून और इनामुल की पत्नी सबीना खातून के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों परिवारों के बीच विवाद बढ़ गया। बताया जाता है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से भी विवाद चल रहा था।

सुबह विवाद के बाद इनामुल अपनी पत्नी के साथ जाति प्रमाण पत्र बनवाने खोरीमहुआ चले गए। शाम को दोनों वापस घर लौटे। आरोप है कि इसी दौरान पहले से घात लगाए अरबाज और उसकी पत्नी कस्तूरी खातून ने दोनों पर हमला कर दिया। अरबाज ने धारदार चाकू से इनामुल की कमर और पीठ पर कई वार कर दिए। पति को बचाने पहुंची सबीना खातून भी हमले में घायल हो गईं।

घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने दोनों घायलों को तिसरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल इनामुल को बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह रेफर कर दिया।

घायल इनामुल के आवेदन पर तिसरी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अरबाज को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। मामले की जांच पुलिस कर रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top