क्लीनटेक और ग्रीन मोबिलिटी रिसर्च के लिए आईआईटी (आईएसएम) ने उर्जा मोबिलिटी के साथ किया एमओयू
डीजे न्यूज, धनबाद :आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के मैनेजमेंट स्टडीज एंड इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग विभाग ने क्लीन टेक्नोलॉजी, एनर्जी-एज-ए-सर्विस, ग्रीन मोबिलिटी और सर्कुलर इकोनॉमी के क्षेत्र में इंडस्ट्री-अकादमिक सहयोग बढ़ाने के लिए उर्जा मोबिलिटी, जो एमटीओडब्ल्यू मोबिलिटी प्राइवेट लिमिटेड का ब्रांड है, के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया है।
30 सितंबर को आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में हुए एमओयू कार्यक्रम में निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा प्रमुख रूप से मौजूद रहे। उन्होंने उर्जा मोबिलिटी के अधिकारियों के साथ बातचीत कर एनर्जी और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी सेक्टर की जरूरतों से जुड़े रिसर्च के संभावित क्षेत्रों पर चर्चा की। प्रो. मिश्रा ने इंडस्ट्री की जरूरतों के मुताबिक रिसर्च और टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट के लिए आईआईटी (आईएसएम) की विशेषज्ञता और संभावनाओं पर भी बात की।
एमओयू पर पंकज चोपड़ा, फाउंडर एंड डायरेक्टर, उर्जा मोबिलिटी; अनघ ओझा, को-फाउंडर एंड डायरेक्टर, उर्जा मोबिलिटी; प्रो. पार्थसारथी दास, डीन (रिसर्च एंड डेवलपमेंट), आईआईटी (आईएसएम); प्रो. शिखा सिंह और प्रो. एजाज अहमद ने हस्ताक्षर किए। इस मौके पर प्रो. आलोक दास, डीन (इनोवेशन, इनक्यूबेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप एंड कॉरपोरेट रिलेशंस) भी मौजूद थे।
इस पार्टनरशिप के तहत ज्वाइंट रिसर्च, फैकल्टी-इंडस्ट्री इंटरैक्शन, इंडस्ट्री की वास्तविक समस्याओं की पहचान और उनके लिए रिसर्च आधारित समाधान विकसित करने पर काम किया जाएगा। इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, एनर्जी सिस्टम, क्लीनटेक और सस्टेनेबल रिसोर्स मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं तलाशने पर भी जोर रहेगा।
एमओयू के साथ मैनेजमेंट स्टडीज एंड इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग विभाग ने “चार्ज्ड फॉर इम्पैक्ट” थीम पर इंडस्ट्री-अकादमिक इंटरैक्शन भी आयोजित किया। इसमें उर्जा मोबिलिटी के पंकज चोपड़ा ने “फ्रॉम स्ट्रैटेजी टू सस्टेनेबल स्केल” और अनघ ओझा ने “इट्स ऑल अबाउट एनर्जी” विषय पर बात रखी। एक्सिगो रीसाइक्लिंग प्राइवेट लिमिटेड के प्रमोटर एंड मैनेजिंग डायरेक्टर रमन शर्मा ने “सेकंड लाइफ टू एंड लाइफ” विषय पर अपना अनुभव साझा किया।
यह सहयोग सस्टेनेबल मोबिलिटी, एनर्जी मैनेजमेंट और सर्कुलर इकोनॉमी से जुड़े क्षेत्रों में आईआईटी (आईएसएम) के रिसर्च और इंडस्ट्री कनेक्ट को आगे बढ़ाने का एक और प्लेटफॉर्म तैयार करेगा।