छठ से पहले न्यू गिरिडीह को रेल तोहफा, जयपुर के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने न्यू गिरिडीह स्टेशन को बड़ी सुविधा दी है। हावड़ा–खातीपुरा (जयपुर) के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन संख्या 03007/03008 का परिचालन किया जा रहा है। इस ट्रेन का ठहराव न्यू गिरिडीह स्टेशन पर भी दिया गया है।
ट्रेन संख्या 03007 हावड़ा–खातीपुरा स्पेशल प्रत्येक रविवार रात 11:55 बजे हावड़ा से रवाना होगी और सोमवार सुबह 5:53 बजे न्यू गिरिडीह पहुंचेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 03008 खातीपुरा–हावड़ा स्पेशल प्रत्येक मंगलवार रात 10:20 बजे न्यू गिरिडीह से रवाना होगी।
विशेष ट्रेन का परिचालन 11 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। त्योहारों के दौरान घर लौटने और वापस जाने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या के बीच इस विशेष सेवा से गिरिडीह और आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
पूर्वी रेलवे के ZRUCC सदस्य मुकेश जालान ने विशेष ट्रेन के परिचालन और न्यू गिरिडीह में ठहराव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान यह रेल सेवा यात्रियों के लिए काफी सुविधाजनक साबित होगी।