आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता संपन्न, देशभक्ति गीतों से गूंजा जीजेएलटी हॉल
6 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हिंदी और संस्कृत में दी राष्ट्रभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति
विजेता टीम हजारीबाग में करेगी प्रांतीय स्तर पर प्रतिनिधित्व
डीजे न्यूज, धनबाद : आईआईटी (आईएसएम) परिसर स्थित गोल्डन जुबली लेक्चर हॉल में बुधवार को भारत विकास परिषद धनबाद मुख्य शाखा के तत्वावधान में राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के छह प्रमुख विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। छात्र-छात्राओं ने हिंदी और संस्कृत में एक से बढ़कर एक राष्ट्रभक्ति गीत प्रस्तुत कर पूरे सभागार को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। मंच पर देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी गायन प्रतिभा के साथ भारतीय संस्कृति और राष्ट्रप्रेम की भावना को भी प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर सोमनाथ प्रूथी ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देना और युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत करना है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता टीम हजारीबाग में आयोजित होने वाली प्रांतीय स्तर की प्रतियोगिता में धनबाद का प्रतिनिधित्व करेगी। वहां सफलता हासिल करने वाली टीम को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता के परिणाम की घोषणा दोपहर बाद की जाएगी। कार्यक्रम के समापन पर भारत विकास परिषद की ओर से सोमनाथ प्रूथी ने सभी प्रतिभागी विद्यालयों, विद्यार्थियों, अतिथियों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।